खेलो इंडिया संवाद को लेकर एलएनडी कॉलेज में तैयारी तेज, आज पीएम मोदी खिलाड़ियों से करेंगे संवाद
मोतिहारी में 'खेलो इंडिया संवाद' कार्यक्रम की तैयारियां चल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अगस्त को युवाओं और खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। एलएनडी कॉलेज, मोतिहारी को इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए चुना गया है। कॉलेज प्रशासन और विद्यार्थियों में उत्साह है।

मोतिहारी,निप्र। माई भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में लक्ष्मी नारायण दुबे कॉलेज परिसर में 27 अगस्त को आयोजित होने वाले 'खेलो इंडिया संवाद' को लेकर तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। इस विशेष कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'खेल की बात पीएम मोदी के साथ' संवाद के माध्यम से देशभर के युवा खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से सीधे जुड़ेंगे।
कार्यक्रम की तैयारी
इस ऐतिहासिक अवसर के लिए पूर्वी चंपारण जिले के प्रमुख शैक्षणिक संस्थान एलएनडी कॉलेज, मोतिहारी का चयन किया गया है, जिसे लेकर कॉलेज प्रशासन और विद्यार्थियों में काफी उत्साह है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर महाविद्यालय प्राचार्य प्रो (डॉ) मृगेंद्र कुमार ने बताया कि पूर्वी चंपारण जिले के खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का परचम लहराया है।
उत्साह और प्रेरणा
ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी का यह संवाद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उभरते खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें खेल जगत में नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित करने में मील का पत्थर साबित होगा। महाविद्यालय मीडिया प्रभारी डॉ प्रभाकर कुमार ने बताया कि परिसर में तकनीकी और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि छात्र-छात्राएं और खिलाड़ी निर्बाध रूप से प्रधानमंत्री के संबोधन को सुन सकें और इस डिजिटल संवाद का हिस्सा बन सकें।
सभी का आमंत्रण
कॉलेज प्रशासन और एनएसएस इकाई ने जिले के सभी विद्यार्थियों, युवा एथलीटों और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।


