ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशG20 की बैठक में तिरंगे को खालिस्तानी झंडे से बदलने की धमकी, ऑडियो वायरल; एक्शन में पुलिस

G20 की बैठक में तिरंगे को खालिस्तानी झंडे से बदलने की धमकी, ऑडियो वायरल; एक्शन में पुलिस

समाचार एजेंसी एएनआई ने दावा किया कि पुलिस को एक अज्ञात नंबर से एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली थी जिसमें कहा गया कि तिरंगे झंडे को दिल्ली के प्रगति मैदान से हटाकर उसमें खालिस्तानी झंडा लगा दिया जाएगा।

G20 की बैठक में तिरंगे को खालिस्तानी झंडे से बदलने की धमकी, ऑडियो वायरल; एक्शन में पुलिस
Amit Kumarलाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्लीSat, 25 Mar 2023 09:11 PM
ऐप पर पढ़ें

अलगाववादी नेता अमृतपाल सिंह और उसके सहयोगियों पर पंजाब पुलिस की भारी कार्रवाई के बीच खालिस्तानी समर्थकों ने दिल्ली के प्रगति मैदान में भारतीय झंडे को खालिस्तानी झंडे से बदलने की धमकी दी है। इस संबंध में एक यात्री को ऑडियो पर धमकी मिली है। ऑडियो क्लिप में खालिस्तानी समर्थकों ने अमृतपाल सिंह के बारे में भी बात की है। 

ऑडियो में कथित खालिस्तानी समर्थकों ने प्रगति मैदान पर कब्जा करने और भारतीय तिरंगे को नीचे खींचने की धमकी दी है। उन्होंने नरेंद्र मोदी और अमित शाह के लिए भी अपशब्दों का इस्तेमाल किया। दिल्ली पुलिस ने 23 मार्च को मामले में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच मामले की जांच कर रही है। धमकी ऐसे समय में मिली है जब अधिकारी इसी साल सितंबर में प्रगति मैदान में जी20 बैठक की मेजबानी के लिए युद्धस्तर पर तैयारी कर रहे हैं।

समाचार एजेंसी एएनआई ने दावा किया कि पुलिस को एक अज्ञात नंबर से एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली थी जिसमें कहा गया कि तिरंगे झंडे को दिल्ली के प्रगति मैदान से हटाकर उसमें खालिस्तानी झंडा लगा दिया जाएगा। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि शहर के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पुलिस थाने में शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। बाद में इसे दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ को स्थानांतरित कर दिया गया। ऑडियो रिकॉर्डिंग कथित तौर पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आ रहे एक यात्री को मिली है। 

इस बीच अमृतपाल सिंह अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसके कई साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ की है। अलगाववादी अमृतपाल सिंह के समर्थन में खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों के एक छोटे समूह ने शनिवार को यहां ‘‘पार्लियामेंट स्क्वायर’’ पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने खालिस्तान के समर्थन में झंडे और बैनर ले रखे थे। कनाडा और अमेरिका में भी इसी तरह के प्रदर्शन का सोशल मीडिया के जरिए आह्वान किया गया है। लंदन में हुए प्रदर्शन से पहले बुधवार को भी यहां भारतीय उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन किया गया था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें