क्विज में सावरकर से जुड़े जवाब पर शिक्षक निलंबित
केरल के सामान्य शिक्षा विभाग ने एक शिक्षक को 'सोशल साइंस क्लब फ्रीडम क्विज 2026' में विवादित सवाल के जवाब के लिए निलंबित किया। सवाल में वीडी सावरकर को अंग्रेजों से सबसे ज्यादा सजा पाने वाले स्वतंत्रता सेनानी के रूप में बताया गया था, जिससे बड़ा विरोध शुरू हुआ।

तिरुवनंतपुरम, एजेंसी। केरल के सामान्य शिक्षा विभाग ने रविवार को एक स्कूल शिक्षक को निलंबित करने का आदेश दिया। यह कार्रवाई ‘सोशल साइंस क्लब फ्रीडम क्विज 2026’ के एक सवाल के जवाब को लेकर की गई। इसमें हिंदुत्व विचारक वीडी सावरकर को अंग्रेजों से सबसे ज्यादा सजा पाने वाले स्वतंत्रता सेनानी के तौर पर बताया गया था। अधिकारियों ने बताया कि यह सवाल-जवाब का पर्चा कासरगोड जिले के स्कूलों में इस्तेमाल किया गया था। सामान्य शिक्षा निदेशक स्नेहिल कुमार सिंह ने कासरगोड के एडेड अपर प्राइमरी स्कूल पल्लाथडका के शिक्षक गुरु प्रसाद को तुरंत निलंबित करने का आदेश जारी किया। अधिकारियों के अनुसार, कुंबला और मंजेश्वर सब-डिस्ट्रिक्ट के स्कूलों में लोअर प्राइमरी, अपर प्राइमरी और हाई स्कूल सेक्शन के छात्रों के लिए छह अगस्त को स्कूल स्तर पर क्विज आयोजित किया गया था।
लोअर प्राइमरी सेक्शन के सवाल-जवाब के पर्चे में 15 सवाल और पांच टाई-ब्रेकर सवाल शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि पांचवें सवाल में पूछा गया था कि वह कौन सा स्वतंत्रता सेनानी है, जिसे अंग्रेजों से सबसे ज्यादा सजा मिली? और जवाब में वीडी सावरकर का नाम दिया गया था। इसपर विवाद खड़ा हो गया और बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन हुए, जिसके बाद शिक्षा अधिकारियों ने जांच शुरू की।


