केरल सरकार आवारा कुत्तों की इच्छामृत्यु पर लाएगी प्रोटोकॉल
केरल सरकार अगस्त 7 से पहले आवारा कुत्तों के लिए इच्छामृत्यु का एक नया प्रोटोकॉल जारी करेगी। इसमें रैबीज से पीड़ित, गंभीर रूप से बीमार और आक्रामक कुत्तों को शामिल किया जाएगा। इच्छामृत्यु के लिए एक विशेषज्ञ समिति की मंजूरी आवश्यक होगी। इसके अलावा, पालतू जानवरों के पंजीकरण, डॉग शेल्टर और पशु जन्म नियंत्रण पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

मलप्पुरम (केरल), एजेंसी। केरल सरकार आवारा कुत्तों को इच्छामृत्यु (यूथेनेसिया) देने के लिए सात अगस्त से पहले एक विस्तृत प्रोटोकॉल जारी करेगी। स्थानीय स्वशासन मंत्री केएम शाजी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह प्रोटोकॉल केरल हाईकोर्ट में पेश किया जाएगा। शाजी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार केरल सरकार ने यह प्रोटोकॉल तैयार कर लिया है। उन्होंने बताया कि यूथेनेसिया के दायरे में रैबीज से पीड़ित, गंभीर रूप से बीमार और आक्रामक आवारा कुत्तों को शामिल किया जाएगा। हालांकि, इच्छामृत्यु की प्रक्रिया सात सदस्यीय विशेषज्ञ समिति की पूर्व मंजूरी के बाद ही पूरी होगी।शाजी
के अनुसार, राज्य सरकार का ध्यान पशु जन्म नियंत्रण केंद्रों के विस्तार, नए डॉग शेल्टर बनाने और पालतू जानवरों के पंजीकरण/ टैगिंग पर भी है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि पालतू कुत्तों या उनके पिल्लों को सड़क पर छोड़ने वाले मालिकों पर भारी जुर्माना और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


