केवटी व सिंहवाड़ा प्रखंड को मिली सौगात
केवटी और सिंघवाड़ा में जलजमाव की समस्या को हल करने के लिए सड़क और नाला निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। पथ निर्माण विभाग ने करोड़ों की लागत से सड़क के कालीकरण और नाले के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की। अगले सात वर्षों तक मेंटीनेंस की गारंटी होगी।

शेष नारायण झा,केवटी। केवटी व सिंघवाड़ा में वर्षों से लंबित नाला एवं सड़कों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। पथ निर्माण विभाग दरभंगा प्रमंडल के अंतर्गत ओपीआरएम सी थ्री (तृतीय चरण) के तहत केवटी और सिंहवाड़ा की प्रमुख सड़कों के सुदृढ़ीकरण (कालीकरण) और जलजमाव की गंभीर समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से नाला निर्माण एवं बिटुमिन कार्यों की निविदा प्रक्रिया शुरू हो गयी है। यह जानकारी बुधवार को देते हुए विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने बताया कि इस ऐतिहासिक योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि चमचमाती सड़कों के निर्माण के साथ अगले सात वर्षों तक इसके संधारण (मेंटीनेंस) की पूरी गारंटी होगी।
इससे लंबे समय तक लोगों को जर्जर रास्तों से निजात मिलेगी। इसके तहत करजापट्टी (एसएच-75) पर नौ किलोमीटर सड़क का कालीकरण पांच करोड़ की लागत से किया जाएगा। साथ ही जलनिकासी के लिए 1.8 किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण 1.7 करोड़ से होगा।सिमरी से तारलाही सड़क पर जलजमाव की समस्या के स्थाई समाधान के लिए 45 लाख की लागत से 300 मीटर नाला और 2.6 करोड़ की लागत से 6.5 किलोमीटर सड़क का कालीकरण किया जाएगा। हाजीपुर से छतवन मार्ग का दो करोड़ की लागत से सात किलोमीटर तक कायाकल्प किया जाएगा।खिरमा जलवारा से असराहा रूट पर आवागमन को सुगम बनाने के लिए 1.71 करोड़ की लागत से छह किलोमीटर लंबी सड़क का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। वहीं, रैयाम से रनवे मार्ग पर 1.5 करोड़ की लागत से 6.5 किलोमीटर सड़क का कालीकरण होगा और 60 लाख की लागत से 800 मीटर नाले का निर्माण कराया जाएगा। लोगों का कहना है कि इन प्रमुख सड़कों के बनने और नाला निर्माण से सालों पुरानी जलजमाव की समस्या खत्म हो जाएगी।


