चीरबासा हैलीपैड के पास मलबा-पत्थर आने से केदारनाथ पैदल मार्ग अवरुद्ध
रुद्रप्रयाग में केदारनाथ यात्रा के पैदल मार्ग पर चीरबासा हैलीपैड के करीब पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया है। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है और मार्ग की सफाई के लिए टीम काम कर रही है। स्थिति सामान्य होने पर यात्रा पुनः शुरू की जाएगी।

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के पैदल मार्ग पर चीरबासा हैलीपैड के समीप पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया। सेक्टर अधिकारी गौरीकुण्ड ने शुक्रवार सुबह 11 बजे दूरभाष के माध्यम से इसकी जानकारी दी। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गौरीकुण्ड से केदारनाथ धाम की ओर पैदल यात्रियों की आवाजाही तत्काल रोक दी गई है। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। स्थिति सामान्य होने तक मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। मार्ग को जल्द सुचारू करने के लिए डीडीएमए की टीम मलबा और पत्थर हटाने के कार्य में जुटी है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से मार्ग की स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
साथ ही संबंधित टीमों से निरंतर समन्वय किया जा रहा है। मार्ग सुचारू होने और यात्रा पुनः शुरू किए जाने की जानकारी अलग से दी जाएगी।


