ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

हिंदी न्यूज़ देश'अबकी बार, किसान सरकार', तेलंगाना के बाहर पहली रैली; आखिर कितनी छाप छोड़ पाए KCR

'अबकी बार, किसान सरकार', तेलंगाना के बाहर पहली रैली; आखिर कितनी छाप छोड़ पाए KCR

नांदेड में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम केसीआर ने कहा कि राजनीतिक दल और नेता चुनाव में जीत रहे हैं, लेकिन लोग हार रहे हैं। इसलिए बीआरएस ने नारा दिया है- 'अबकी बार, किसान सरकार'।

'अबकी बार, किसान सरकार', तेलंगाना के बाहर पहली रैली; आखिर कितनी छाप छोड़ पाए KCR
Niteesh Kumarपीटीआई,नादेंडSun, 05 Feb 2023 10:04 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

लोकसभा चुनाव 2024 से पहले तेलंगाना के मुख्यमंत्री और भारत राष्ट्र समिति (BRS) चीफ के. चंद्रशेखर राव तीसरा मोर्चा बनाने की कवायद में जुटे हैं। इस सिलसिले में बीते दिनों उन्होंने विपक्ष के कई नेताओं से मुलाकात की। राव को 'केसीआर' के नाम से भी जाना जाता है। केसीआर की गिनती अगले आम चुनाव में प्रधानमंत्री पद के संभावित दावेदारों में होती है। भले ही तीसरे मोर्चे और उसके नेतृत्व को लेकर विपक्ष दलों में अभी तक सहमति नहीं बन पाई हो। केसीआर तो पूरे जोर-शोर से चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। वह अपनी पार्टी तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) का नाम भी बदलकर भारत राष्ट्र समिति (BRS) रख चुके हैं।

रविवार को तेलंगाना से बाहर पहली बार महाराष्ट्र के नांदेड़ में केसीआर ने जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर विभिन्न राजनीतिक दलों से संबंधित नेता BRS में शामिल हुए। केसीआर ने गुलाबी स्कार्फ भेंट करके उनका स्वागत किया। राव ने कहा, 'अगले कुछ दिनों में महाराष्ट्र में बीआरएस पार्टी का काम शुरू हो जाएगा। 8 से 10 दिन के अंदर बीआरएस की गाड़ियां महाराष्ट्र के गांव में आ जाएंगी। समितियों का गठन होगा। महाराष्ट्र में किसानों को एकजुट करने के लिए सभी 288 विधानसभा क्षेत्रों में 288 वाहन एक साथ गुजरेंगे। मैं आपसे (किसानों) एकजुट होने की अपील करता हूं। मैं पश्चिमी महाराष्ट्र, विदर्भ और उत्तर महाराष्ट्र का भी दौरा करूंगा।'

'अबकी बार, किसान सरकार' का दिया नारा
जनसभा को संबोधित करते हुए केसीआर ने कहा कि राजनीतिक दल और नेता चुनाव में जीत रहे हैं, लेकिन लोग हार रहे हैं। इसलिए बीआरएस ने नारा दिया है- 'अबकी बार, किसान सरकार'। केसीआर ने कहा, 'अब हमें राष्ट्रीय स्तर पर जाना है। एक बड़ा बदलाव होगा। कई लोग आते हैं और लंबा-चौड़ा भाषण देकर चले जाते हैं। 'मन की बात' करके चले जाते हैं। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज 'मेक इन इंडिया' जोक बनकर रह गया है। कहां गया मेक इन इंडिया? हर चीज तो चीन से आ रही है।
 
'...यह सरकार बनाने के लिए पर्याप्त'
केसीआर ने छत्रपति शिवाजी महाराज की उपलब्धियों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पूर्व मराठा शासक की जन्मस्थली शिवनेरी में किसानों के कल्याण के लिए देश में सरकार बनाने का संकल्प लेगी। उन्होंने कहा, 'हम छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्मस्थली शिवनेरी जाएंगे, माथा टेकेंगे और किसानों की सरकार बनाने की शपथ लेंगे। पूरे महाराष्ट्र में किसान समितियां बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी।' राव ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा किसानों की आत्महत्या के मामले महाराष्ट्र में दर्ज किए गए हैं। हमारे देश में किसानों की संख्या 42 प्रतिशत से अधिक है और अगर इसमें खेतिहर मजदूरों की संख्या भी जोड़ दी जाए, तो यह 50 प्रतिशत से अधिक होगी, जो सरकार बनाने के लिए पर्याप्त है।'

'कांग्रेस ने 54 साल, भाजपा ने 16 साल किया शासन मगर...'
केसीआर ने सवाल किया कि महाराष्ट्र में कृष्णा और गोदावरी जैसी कई नदियां बहती हैं... फिर भी महाराष्ट्र में पानी की किल्लत क्यों है? राव ने कहा कि महाराष्ट्र में पानी की कमी क्यों है? इसके लिए कौन जिम्मेदार है? इस पर विचार करें। देश में कांग्रेस ने 54 साल और भाजपा ने 16 साल शासन किया। उन्होंने कहा कि ये दोनों दल कसूरवार हैं। मैं चाहता हूं कि किसानों की आत्महत्या रुके। अगर किसानों की सरकार बनती है, तो पानी की समस्या दूर हो जाएगी।