कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचने से रोका जा रहा : वेणुगोपाल
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि सोमवार के प्रस्तावित मार्च में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की जा रही है और उनके ठहरने के स्थानों पर छापे मारे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के बावजूद आंदोलन जारी रहेगा। वेणुगोपाल ने इसे नागरिकों के मताधिकार और देश के लोकतांत्रिक भविष्य की रक्षा का संघर्ष बताया तथा विपक्षी एकता पर जोर दिया।

कन्नूर (केरल), एजेंसी। राजधानी में सोमवार को प्रस्तावित मार्च से पहले कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचने से रोकने की कोशिश की जा रही है। जहां लोग ठहरे हुए हैं, वहां पर छापे मारे जा रहे हैं। वेणुगोपाल ने कहा कि भले ही ये सब किया जाए, लेकिन यह आंदोलन विफल नहीं होगा। सोमवार को दिल्ली में और भी जबरदस्त संघर्ष होगा। विपक्ष एकजुट है और एक इकाई के रूप में साथ खड़ा है। चल रहे आंदोलन को देश के लोकतांत्रिक भविष्य की लड़ाई बताते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि यह केवल विरोध या प्रतिरोध नहीं, बल्कि नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए एक संघर्ष है।
उन्होंने कहा कि यह देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए सबसे शक्तिशाली संघर्ष है। वेणुगोपाल ने कहा कि लोकतंत्र में नागरिकों के अस्तित्व के लिए वोट देने का अधिकार मौलिक है और आरोप लगाया कि देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है।

