सावन कांवड़ यात्रा : हरिद्वार से कांवड़ लाने की तैयारी में जुटे शिव भक्त
एक सप्ताह बाद सावन कावड़ यात्रा शुरू होने वाली है। भक्त हरिद्वार से कावड़ लाने की तैयारी कर रहे हैं। 11 अगस्त को शिवरात्रि पर्व मनाने के लिए अमरोहा व आसपास के शिवभक्त हरिद्वार के लिए रवाना होंगे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

एक सप्ताह बाद सावन कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है।शिवभक्तों में उत्साह देखा जा रहा है। शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ लाने की तैयारी में जुट गए हैं। आगामी 11 अगस्त को शिवरात्रि पर्व मनाया जाएगा। दूरदराज के शिवभक्त एक अगस्त के बाद कांवड़ लाने के लिए हरिद्वार रवाना होंगे। अमरोहा व आसपास क्षेत्रों के शिवभक्त हर साल सावन माह में ब्रजघाट व हरिद्वार से कांवड़ लाकर शिवरात्रि के दिन भगवान शिव शंकर का जलाभिषेक करते हैं। इस बार 11 अगस्त को शिवरात्रि पर्व मनाया जाएगा। 30 जुलाई से सावन कांवड़ यात्रा शुरू हो जाएगी। तीन अगस्त को सावन माह का पहला सोमवार है।
अमरोहा व आसपास जिलों में पूरे सावन भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने की परंपरा है। जिसके चलते शिवभक्तों के जत्थे हरिद्वार को रवाना होने वाले हैं। शिवभक्त रोडवेज बस और निजी वाहनों से हरिद्वार कूच करेंगे। अमरोहा डिपो से हरिद्वार के लिए अतिरिक्त बस सेवा के संचालन की तैयारी भी पूरी हो चुकी है। तीन अगस्त के बाद से हरिद्वार से कांवड़ियों के लौटने का क्रम शुरू हो जाएगा। जिलेभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। अमरोहा-बिजनौर मार्ग से लेकर नेशनल हाईवे पर पुलिस का पहरा रहेगा। जिले के प्रसिद्ध शिवालयों पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे।


