ड्रॉपआउट रोकने के लिए अभिभावकों ने ली शपथ
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में सोमवार को अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित की गई, जिसका लक्ष्य छात्राओं का ड्रॉपआउट शून्य करना और शैक्षणिक स्तर में सुधार करना था। बीईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने नियमित विद्यालय भेजने के लिए अभिभावकों से अपील की। बैठक में कई विषयों पर चर्चा की गई और छात्राओं की प्रगति को दर्शाया गया।

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी) कसिया सिराथू में सोमवार कों छात्राओं का ड्रॉपआउट शून्य करने और शैक्षणिक स्तर में सुधार के उद्देश्य से अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित की गई। इसमें खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह, विकास खंड के सभी एआरपी और विद्यालय की शिक्षिकाएं शामिल हुईं। बीईओ ने अभिभावकों से कहा कि कस्तूरबा विद्यालय में बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावसायिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। उन्होंने त्योहारों और कृषि कार्य, विशेषकर धान कटाई के दौरान छात्राओं को लंबे समय तक घर पर रोकने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई। कहा कि लगातार अनुपस्थिति से छात्राओं में लर्निंग गैप बढ़ता है और उसे पूरा करने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं चलानी पड़ती हैं।
उन्होंने उपस्थित 173 अभिभावकों से बेटियों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की। बैठक में तीन अभिभावकों को सम्मानित किया गया। कक्षा छह और आठ की छात्राओं ने अभिभावकों के सामने अंग्रेजी पठन तथा समाचार पत्र वाचन कर अपनी शैक्षणिक प्रगति दिखाई। बैठक में प्रत्येक माह पीटीएम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। अभिभावकों को राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति तथा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की जानकारी दी गई। अभिभावकों ने बेटियों को नियमित विद्यालय भेजने और ड्रॉपआउट रोकने में विद्यालय प्रशासन को सहयोग देने की शपथ ली।


