कर्नाटक के सरकारी स्कूलों में एआई से पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी
कर्नाटक में कक्षा छह से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी है। मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने सरकारी स्कूलों में एआई से प्रशिक्षण शुरू करने के लिए निर्देश दिए हैं। गूगल कंपनी ने भी सरकारी स्कूलों में एआई प्रशिक्षण में रुचि दिखाई है। छात्रों को खेतों का दौरा भी कराया जाएगा।

कर्नाटक में कक्षा छह से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने सोमवार को इस सिलसिले में अधिकारियों को निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में कक्षा छह से ही एआई से प्रशिक्षण शुरू कराने पर काम किया जाए। इसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी विभाग और निजी कंपनियों की मदद ली जाएगी। सरकारी स्कूलों में कक्षा नौ के छात्रों के लिए एआई की ट्रेनिंग पहले ही शुरू हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अब इसे कक्षा छह के छात्रों तक भी पहुंचाने के लिए काम किया जाए。
गूगल कंपनी ने दिखाई रुचि
गूगल ने भी सरकारी स्कूलों में एआई से प्रशिक्षण देने में रुचि दिखाई है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि इस संबंध में तेलंगाना में गूगल द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों का अध्ययन किया जाए। शिवकुमार ने अधिकारियों को राज्य में एआई विश्वविद्यालय स्थापित करने के लिए जमीन की पहचान करने का भी निर्देश दिया। वहीं, शिक्षकों की भर्ती करने की प्रक्रिया भी चल रही है।
छात्रों को खेतों का दौरा कराया जाएगा
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कक्षा नौ और 11 के छात्रों को खेतों का दौरा कराया जाए। यह कार्यक्रम शहरी क्षेत्रों के 941 स्कूलों के छात्रों के लिए आयोजित किया जाएगा। छात्रों को गांवों में रात में रुकने की सुविधा भी दी जाएगी। निजी स्कूलों को भी इस कार्यक्रम को अनिवार्य रूप से लागू करना होगा। यह पूरा कार्यक्रम दिसंबर तक पूरा किया जाना है।

