ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशकर्नाटक सरकार के बागी मुंबई से चले गोवा, लेकिन बारिश और ट्रैफिक ने उनका रास्ता रोका

कर्नाटक सरकार के बागी मुंबई से चले गोवा, लेकिन बारिश और ट्रैफिक ने उनका रास्ता रोका

कर्नाटक के सत्ताधारी कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन के बागी विधायकों का एक दल पश्चिमी महाराष्ट्र के सतारा से मुंबई लौट आया है। समाचार एजेंसी भाषा ने अपने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। पहले वे...

कर्नाटक सरकार के बागी मुंबई से चले गोवा, लेकिन बारिश और ट्रैफिक ने उनका रास्ता रोका
एजेंसी,मुंबई।Tue, 09 Jul 2019 08:31 PM
ऐप पर पढ़ें

कर्नाटक के सत्ताधारी कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन के बागी विधायकों का एक दल पश्चिमी महाराष्ट्र के सतारा से मुंबई लौट आया है। समाचार एजेंसी भाषा ने अपने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। पहले वे एक भाजपा नेता के साथ गोवा जा रहे थे लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही वापस महाराष्ट्र की राजधानी लौट आए।

बागी विधायक कानूनी राय का इंतजार कर रहे हैं कि कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष के उनके इस्तीफों पर फैसला लेने के बाद आगे क्या कदम उठाना है। कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष के आर रमेश कुमार ने मंगलवार को कहा कि सत्ताधारी गठबंधन के 13 में से आठ विधायकों के इस्तीफे तय प्रारूप के मुताबिक नहीं हैं और उन्होंने विधायकों से इन्हें उचित तरीके से पेश करने को कहा है।

समाचार एजेंसी भाषा ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि यहां 10 से 12 बागी विधायक हैं। मुंबई भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष मोहित भारतीय बागी विधायकों के साथ थे, जो मंगलवार को मुंबई लौटे। कर्नाटक में 13 महीने पुरानी एच डी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन सरकार का भविष्य 14 बागी विधायकों के इस्तीफे पर लिये जाने वाले फैसले पर टिका है।

ये भी पढ़ें: कर्नाटक सरकार को राहत, 8 विधायकों को फिर से देना होगा अपना इस्तीफा

कर्नाटक में गहराते संकट के बीच आजाद और हरिप्रसाद बेंगलुरु रवाना

कर्नाटक में कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन सरकार की मुश्किलें और बढ़ने के बीच कांग्रेस ने मतभेद सुलझाने के लिए मंगलवार को अपने वरिष्ठ नेताओं गुलाम नबी आजाद और बी. के. हरिप्रसाद को आनन-फानन में बेंगलुरु रवाना किया है। सूत्रों ने बताया कि संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नेताओं से कहा कि वे कर्नाटक संकट को सुलझाएं और राज्य में अपनी सरकार बचाएं।

गौरतलब है कि आजाद और अशोक गहलोत ने ही मिलकर पिछले वर्ष कर्नाटक में गठबंधन सरकार बनवायी थी।

कर्नाटक में मंगलवार को कांग्रेस के एक और विधायक के इस्तीफे के बाद संकट और गहरा गया है। एक ओर जहां कांग्रेस इन बागी विधायकों को अयोग्य ठहराने के मामले में विधानसभा अध्यक्ष से हस्तक्षेप की मांग कर रही है, वहीं वह भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगा रही है।

ये भी पढ़ें: कर्नाटक : आजाद का BJP पर हमला, बोले- वे बारों में करते हैं CM नियुक्त

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें