कर्नाटक में अबकी बार किसकी सरकार? कांग्रेस ही नहीं भाजपा के लिए भी खुशखबरी; जानें ओपिनियन पोल्स का सार
Karnataka Elections: जी न्यूज-मैट्राइज के सर्वे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। एबीपी-सीवोटर ओपिनियन पोल के मुताबिक, कांग्रेस कर्नाटक में सरकार बना सकती है।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए 10 मई को वोट डाले जाएंगे। इससे पहले सामने आए अधिकांश ओपिनियन पोल या सर्वे में कांग्रेस वापसी करती दिख रही है। वहीं, जी न्यूज-मैट्राइज के सर्वे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। एबीपी-सीवोटर ओपिनियन पोल के मुताबिक, कांग्रेस कर्नाटक में सरकार बना सकती है। बीजेपी को सबसे अधिक नुकसान और जेडीएस को भी घाटा होने की संभावना है।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर आयोजित ओपिनियन पोल्स की प्रमुख बातें:
1. एबीपी-सीवोटर के मुताबिक, कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस 107 से 109 सीटें जीत सकती है। बीजेपी को 74-86 सीटें मिलने की संभावना है। वहीं, जेडीएस को 23-35 सीटों मिलती दिख रही है।
2. वोट शेयर की बात करें तो बीजेपी इस चुनाव में कांग्रेस से पांच प्रतीशत पीछे रह सकती है। कांग्रेस को यहां 40 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं, जबकि बीजेपी के खाते में 35 प्रतिशत मत मिल सकते हैं। जेडीएस को सिर्फ 17 प्रतिशत मतों से संतोष करना पड़ सकता है।
3. इंडिया टुडे और सीवेटर ने भी कर्नाटक में भाजपा की हार की भविष्यवाणी की है। ओपिनियन पोल के मुताबिक, बीजेपी को यहां 74-80 सीटें मिलने की संभावना है। वहीं, कांग्रेस यहां 107-119 सीटों के साथ सरकार बनाती दिख रही है। जेडीएस को 23-35 सीटें मिलने की संभावना दिख रही है।
4. ओपिनियन पोल के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया मुख्यमंत्री बनने की रेस में सबसे आगे हैं। उन्हें 42 प्रतिशत जनता का समर्थन मिलता दिख रहा है। वहीं, बसवराज बोम्मई को 31 प्रतिशत लोगों ने अपनी पसंद बताया है।
5. जी न्यूज और मैट्राइज ने भी कर्नाटक चुनाव के लिए सर्वे किया है। इनके ओपिनियन पोल के मुताबिक, बीजेपी इस चुनाव में भी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है। इस चुनाव में बीजेपी को 103-115 सीटें मिलने की संभावना है। वहीं, कांग्रेस 79 से 91 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर आ सकती है। कांग्रेस 26-36 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर बनी रह सकती है। अन्य को भी एक से तीन सीटें मिल सकती हैं। बीजेपी को इस चुनाव में 42 प्रतिशत मत मिल सकते हैं। वहीं, कांग्रेस को 40 और जेडीएस को 15 प्रतिशत मत मिलने की संभावना है। जेडीएस 15 प्रतिशत मतों के साथ तीसरे नंबर पर रह सकती है।
6. Zee News-Matrize ने यह भी कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2023 के कर्नाटक विधानसभा चुनावों में गेमचेंजर साबित हो सकते हैं। वहीं, राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' का लाभ कांग्रेस को मिलता नहीं दिख रहा है।
7. जी न्यूज ने यह भी दावा किया है कि कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए अब तक जितने भी सर्वे हुए हैं, उसने सबसे बड़े सैंपल साइज का इस्तेमाल किया है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के 1.80 लाख पुरुषों और 1.12 लाख महिलाओं ने इस जनमत सर्वेक्षण में भाग लिया।
8. कन्नड़ समाचार चैनल सुवर्णा न्यूज 24×7 और जन की बात ने भी चुनावी सर्वे किया है। इस चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर रही है। हालांकि वोट शेयर के मामले में कांग्रेस को बीजेपी से थोड़ा आगे रखा गया है।
9. ईडिना द्वारा किए गए सर्वे में कहा गया है कि कांग्रेस 132-140 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बना सकती है। वहीं, बीजेपी 33 फीसदी वोट शेयर के साथ 57-65 सीटें जीत सकती है।
10. भाजपा के बीएल संतोष ने कहा, "यह वास्तव में आश्चर्यजनक है कि योगेंद्र यादव अपने आकाओं को खुश करने के लिए सर्वेक्षण के लिए अपनी पदयात्राओं के बीच समय निकालते हैं।"