कारगिल युद्ध के वीर सपूतों को किया नमन
आदित्यपुर में पूर्व सैनिक समाज कल्याण संघ ने शनिवार को कारगिल विजय दिवस मनाया। कर्नल आर.पी. सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। कर्नल ने कारगिल युद्ध में भारतीय सेना की बहादुरी और शहीदों के बलिदान को याद किया।

आदित्यपुर। पूर्व सैनिक समाज कल्याण संघ की ओर से शनिवार को भाटिया स्थित केंद्रीय कार्यालय में कारगिल विजय दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष कर्नल आर.पी. सिंह ने की। इस दौरान कारगिल युद्ध के शहीदों एवं देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कर्नल ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने अदम्य साहस, पराक्रम और युद्ध कौशल का परिचय देते हुए दुश्मनों को भारतीय सीमा से खदेड़कर ऐतिहासिक विजय हासिल की थी। उन्होंने कारगिल युद्ध के महत्वपूर्ण घटनाक्रम और भारतीय सैनिकों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश को अपने वीर जवानों पर गर्व है।
कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों और परमवीर चक्र विजेताओं के योगदान को भी स्मरण किया गया। उपस्थित पूर्व सैनिकों ने अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा किए। मौके पर सूबेदार शैलेंद्र सिंह, डीके गोस्वामी, सार्जेंट राम जनम, सूबेदार योगेंद्र सिंह, जेबी सिंह, अखिलेश कुमार, रामजी सिंह, राजेश कुमार श्रीवास्तव, आरके सिंह, के लाल, अभय पांडे, एमएम सिंह, के सुंडी, अशोक कुमार, बीरबल सिंह समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित थे।


