बस्ती-अयोध्या हाईवे पर सभी वाहनों के प्रवेश पर लगा प्रतिबंध, 11 अगस्त की मध्यरात्रि तक रहेगा प्रभावी
बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर बस्ती-अयोध्या हाईवे पर शनिवार की सुबह से
बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर बस्ती-अयोध्या हाईवे पर शनिवार की सुबह से सभी प्रकार के वाहनों का आवागमनबंद कर दिया गया। बस्ती शहरी क्षेत्र में आंतरिक डायवर्जन भी शनिवार की सुबह से लागू कर दिया गया। शहर की सीमा से सटे फुटहिया से लेकर पॉलिटेक्निक चौराहे, अमहट से लेकर सोनूपार, मुंडेरवा से लेकर सदर अस्पताल चौराहे तक रूट डायवर्जन प्रभावी है। शिवभक्तों की सुरक्षित कांवड़ यात्रा के मद्देनजर 11 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक या भीड़ समाप्ति तक हाईवे के दोनों लेन पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान एम्बुलेंस और आवश्यक सेवाओं की गाड़ियों को छोड़कर अन्य वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
डायवर्जन योजना
एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा को देखते हुए फोरलेन पर डायवर्जन प्लान प्रभावी कर दिया गया है। 11 अगस्त को जलाभिषेक के साथ ही कांवड़िए प्रस्थान करेंगे। भीड़ का दबाव समाप्त होने के बाद डायवर्जन समाप्त किया जाएगा। अयोध्या से सरयू नदी का पवित्र जलकर लेकर बाबा भदेश्वरनाथ धाम के लिए कांवड़ियों के आना शुरू हो चुका है। शनिवार को हाईवे पर बोलबम के जयकारों संग कांवड़ आगे बढ़ते नजर आए।
सुरक्षा प्रबंध
सावन माह में लाखों की संख्या में कांवड़िया कांवड़ उठाते हैं। प्रशासन का दावा है कि इस बार महाशिवरात्रि तेरस पर जलाभिषेक के लिए 10 लाख से अधिक श्रद्धालओं के पहुंचने का अनुमान है। लिहाजा पूरे कांवड़ मार्ग के साथ ही भदेश्वरनाथ मंदिर तक अचूक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। सभी सुरक्षा प्वाइंट पर शुक्रवार से ही ड्यूटी शुरू हो गई। काफी संख्या में गैर जनपदों से भी पुलिस की भी ड्यूटी कांवड़ मेले में लगी है। भदेश्वरनाथ धाम के साथ ही अन्य शिवालयों पर भी सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।


