बृजघाट व हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़िये, गूंज रहे बम-बम भोले के जयकारे
सावन माह के पहले सोमवार (तीन अगस्त) को कांवड़ियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। शिव भक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं। कई जत्थे बदायूं-बिजनौर स्टेट व दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे से गुजरे हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

सावन माह का पहला सोमवार तीन अगस्त को है। जिसके चलते बृजघाट व हरिद्वार से जल भरकर लौटने वालों कांवड़ियों की संख्या बढ़ गई है। शिव भक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं। शुक्रवार को कांवड़ियों के कई जत्थे क्षेत्र में बदायूं-बिजनौर स्टेट व दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे से होकर गुजरे। हर तरफ बम-बम भोले के जयकारों की गूंज रही। बुलंदशहर, अनूप शहर के अलावा बरेली, रामपुर जिले को लौट रहे कावंड़ियों के जत्थे शुक्रवार को नेशनल व स्टेट हाईवे से गुजरे। कांवड़ियों के जत्थों में युवा, बुजुर्ग व बच्चे भी शामिल रहे। कांवड़िये पैदल यात्रा कर रहे हैं।
कांवड़ियों की सेवा के लिए जगह-जगह शिविर लगने शुरू हो गए हैं, जहां उन्हें जलपान, भोजन और विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस-प्रशासन भी सतर्कता बरत रहा है। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से लगातार व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि कांवड़ियों की संख्या हाईवे पर बढ़ रही है। जिसके चलते निगरानी बढ़ा दी गई है। ड्यूटी पर तैनात पुलिस के अलावा कई टीमें गश्त भी कर रही हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा के पूरे इंतजाम हैं।


