सीएसजेएमयू के दो शिक्षकों की सेवा समाप्त
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में बायोइंफार्मेटिक्स पाठ्यक्रम के तहत दो शिक्षकों, डॉ. ममता सागर और बृजेंद्र सिंह, की सेवा समाप्त कर दी गई है। पिछले तीन वर्षों से छात्र संख्या में कमी आई थी, और इस वर्ष एक भी छात्र का दाखिला नहीं हुआ। विवि ने एआईसीटीई मानकों के अनुसार शिक्षकों की योग्यता को अस्वीकार किया।

कानपुर। प्रमुख संवाददाता छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के दो शिक्षकों की सेवा समाप्त कर दी गई है। विवि की कार्य परिषद में दोनों शिक्षकों की सेवा समाप्त करने का फैसला लिया गया, जिसका आदेश जल्द जारी होगा। इससे पहले भी अलग-अलग मामलों में विवि के शिक्षकों की सेवा समाप्त की जा चुकी है।विवि के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में बायोइंफार्मेटिक्स पाठ्यक्रम संचालित हो रहा था। इसमें एक कोर्स दो वर्षीय एमएससी और दूसरा कोर्स एक वर्षीय डिप्लोमा संचालित हो रहा था। जिसमें सहायक आचार्य डॉ. ममता सागर और सहायक आचार्य बृजेंद्र सिंह कार्यरत थे। बायोइंफार्मेटिक्स पाठ्यक्रम में पिछले तीन वर्षों से लगातार छात्र संख्या घट रही थी।
इस साल एक भी छात्र का दाखिला नहीं हुआ। इसे देखते हुए विवि प्रशासन ने दोनों शिक्षकों की सेवा समाप्त करने का प्रस्ताव कार्य परिषद में रखा। हालांकि इससे पहले दोनों ही शिक्षकों से सुझाव मांगा गया था। साथ ही, उन्हें अन्य पाठ्यक्रम में योग्यतानुसार समावेशित करने की भी तैयारी थी। लेकिन, एआईसीटीई (अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद) के मानकों के अनुसार दोनों ही शिक्षकों की योग्यता अन्य किसी पाठ्यक्रम के योग्य नहीं मिली। विवि के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में हुई कार्य परिषद की बैठक में कमेटी की रिपोर्ट पर विस्तृत चर्चा हुई। अंत में सभी सदस्यों ने शासनादेश के अनुसार छात्र संख्या न होने से पाठ्यक्रम को बंद करने और स्ववित्तपोषित में कार्यरत दोनों शिक्षकों की सेवा समाप्त करने का फैसला लिया। विवि के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि कार्य परिषद में फैसला हुआ है। जल्द दोनों शिक्षकों की सेवा समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया जाएगा।

