शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा दिलाने में प्रबंधक कर रहे लापरवाही
कानपुर विश्वविद्यालय के स्ववित्तपोषित शिक्षक संघ ने रजिस्ट्रार राकेश कुमार मिश्रा से मुलाकात की। शिक्षकों ने बताया कि कैशलेस चिकित्सा योजना के लाभ लेने के लिए नामों की संख्या बहुत कम है, क्योंकि कई कॉलेजों में प्राचार्य मौजूद नहीं हैं। रजिस्ट्रार ने समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।

कानपुर। कानपुर विश्वविद्यालय स्ववित्तपोषित शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष डॉ. कमलेश यादव और महामंत्री डॉ. अखंड प्रताप सिंह की अगुवाई में छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार राकेश कुमार मिश्रा व डिप्टी रजिस्ट्रार अंजलि मौर्या से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि पूर्ण स्ववित्त पोषित कालेजों के शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा योजना के लाभ से संबंधित मामले में बहुत कम संख्या में नाम आए हैं। कई कॉलेजों में तो प्राचार्य ही नहीं हैं। इस स्थिति में शिक्षकों के नाम कुलसचिव को कैसे फॉरवर्ड हो पाएंगे। प्रबंधकों को इस योजना में कोई रुचि नहीं है। कई कॉलेज लिंक न होने की बात कह रहे हैं।
विवि के अधिकारी कई-कई बार फोन कर एवं पत्र भेज कर शिक्षकों की सूची मांग रहे है। डॉ. कमलेश व डॉ. अखंड की मांग पर रजिस्ट्रार ने कहा कि समस्या के निदान के लिए सीधे संपर्क कर सकते हैं। इस मौके पर डॉ. आरपी सिंह, डॉ. एसके शुक्ला आदि मौजूद रहे।


