युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, रिपोर्ट
कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने शादी का झांसा देकर एक 20 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म किया। युवती के परिजनों के दबाव डालने पर युवक और उसके परिवार ने शादी से इनकार किया। युवती की दादी ने मामला दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

कानपुर देहात। मंगलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती को शादी का झांसा देकर गांव के ही एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मामला संज्ञान में आने पर जब युवती के परिजनों ने शादी का दबाव बनाया तो युवक के परिजनों ने इससे इनकार कर दिया। पीड़ित युवती की दादी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मंगलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की बीस साल की युवती के साथ उसी गांव के रहने वाले सचिन मिश्रा की दोस्ती थी। आरोप है कि शादी का झांसा देकर वह युवती के साथ दुष्कर्म करता रहा।
18 सितंबर की रात में आरोपित ने युवती को घर से बुलवाने के बाद एकांत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शक होने पर वहां पहुंचे युवती के परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया। जानकारी होने पर आरेापित के माता-पिता व परिजन वहां पहुंचे और आरोपित को वहां से अपने साथ लेकर चले गए। इसके बाद जब युवती के परिजनों ने आरोपित पर शादी करने का दबाव बनाया तो उसके माता-पिता व परिजनों ने इससे साफ इनकार कर दिया। इसके बाद युवती की दादी ने पुलिस को तहरीर देकर शादी का झांसा देकर नातिन के साथ दुष्कर्म करने व अब शादी से इनकार करने का आरोप लगा कार्रवाई की गुहार लगाई। इंस्पेक्टर मंगलपुर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की दादी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराने व छानबीन के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।

