भ्रष्टाचार कोर्ट ने छह पुलिस कर्मियों को जारी किया नोटिस
कानपुर में विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार अदालत ने अधिवक्ता की शिकायत पर छह पुलिसकर्मियों को नोटिस जारी किया। अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने एक आरोपी से बरामद तमंचा उन पर लगाने का प्रयास किया और छोड़ने के एवज में पांच लाख रुपये की मांग की। पुलिस आयुक्त से रिपोर्ट मांगी गई।

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। अधिवक्ता के परिवाद पर सुनवाई करते हुए विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार की कोर्ट ने छह पुलिसकर्मियों को नोटिस जारी किया है। इस मामले में कोर्ट ने पुलिस आयुक्त से रिपोर्ट मांगी है। अधिवक्ता ने पुलिस कर्मियों पर आरोप लगाया था कि आरोपी से बरामद तमंचा उन पर लगाने का प्रयास किया गया। छोड़ने के एवज में पांच लाख रुपये मांगे गए। शास्त्री नगर निवासी अधिवक्ता अरुण सिंह ने कोर्ट में काकादेव थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया, एसएसआई मुकेश कुमार, एसआई अमित कुमार सिंह, एसआइ सचिन भाटी, पुलिस कर्मी प्रदीप मिश्रा व कांस्टेबल विकास के खिलाफ प्रकीर्ण वाद दर्ज कराया है।
बतौर आरोप अधिवक्ता अरुण ने उन पर जानलेवा हमला करने आए एक व्यक्ति को पकड़कर तमंचा सहित पुलिस के हवाले किया था। बावजूद इसके पुलिसकर्मियों ने उसे छोड़ दिया और बरामद तमंचे को उनका बताकर उनके ही खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजने का प्रयास किया। छोड़ने के एवज में पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। उनकी दी गई तहरीर पर मुकदमा लिखने की बजाय पुलिस ने डायल 112 के सिपाही की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की और अंतिम रिपोर्ट भी लगा दी। अधिवक्ता के मुताबिक इसी मामले में दाखिल परिवाद में छह पुलिसकर्मियों को नोटिस जारी किया गया है।


