जनगणना-2027 के लिए 3,784 कर्मियों की तैनाती, मानदेय वितरण अंतिम चरण में
कन्नौज में जनगणना-2027 के पहले चरण के लिए मकान सूचीकरण और गणना का काम तेजी से चल रहा है। 3,784 कर्मियों की तैनाती की गई है और प्रशिक्षण एवं मानदेय का वितरण पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने समय पर सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

कन्नौज, संवाददाता। जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का काम निर्धारित समय पर पूरा कराने के लिए जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रथम चरण के लिए जिले में 3,253 प्रगणक और 531 पर्यवेक्षकों समेत कुल 3,784 कार्मिकों की तैनाती की गई है। इनके प्रशिक्षण और मानदेय की धनराशि का वितरण भी लगभग पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देश पर प्रशिक्षण मद में 45 लाख 40 हजार 800 रुपये और मानदेय मद में 3 करोड़ 9 लाख 69 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। संबंधित चार्ज अधिकारियों को धनराशि उपलब्ध कराने के बाद अधिकांश क्षेत्रों में कर्मियों के बैंक खातों में भुगतान किया जा चुका है।
तहसील छिबरामऊ, कन्नौज और तिर्वा के अलावा नगर पालिका परिषद कन्नौज, गुरसहायगंज, छिबरामऊ, समधन तथा नगर पंचायत सिकन्दरपुर और तिर्वागंज में निर्धारित कर्मियों को मानदेय वितरित किया गया है। वर्तमान में नगर पंचायत तालग्राम और सौरिख को छोड़कर अन्य सभी चार्जों में भुगतान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शेष भुगतान जल्द पूरा कराते हुए प्रशिक्षण और मानदेय वितरण शासन के वित्तीय नियमों के अनुसार पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।


