45 केंद्रों पर एमएसपी से होगी धान खरीद
कन्नौज में खरीफ फसलों की खरीद के लिए 45 क्रय केंद्र अनुमोदित किए गए हैं। किसानों को धान, बाजरा और मक्का की उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) उपलब्ध कराने के लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है। धान की खरीदी एक नवंबर से जबकि बाजरा और मक्का की एक अक्टूबर से होगी।

कन्नौज। खरीफ फसलों की खरीद को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिलाने के लिए जिले में धान, बाजरा और मक्का के कुल 45 क्रय केंद्र अनुमोदित किए गए हैं।इन केंद्रों पर फसल बेचने के लिए किसानों का पंजीकरण शुरू हो गया है। प्रशासन ने किसानों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की है। धान की खरीद के लिए चार क्रय एजेंसियों के 29 केंद्र बनाए गए हैं। वहीं बाजरा और मक्का की खरीद विपणन विभाग के आठ-आठ केंद्रों पर होगी। बाजरा और मक्का की सरकारी खरीद एक अक्टूबर 2026 से शुरू होगी, जबकि धान की खरीद एक नवंबर से शुरू की जाएगीl विपणन मौसम 2026-27 के लिए धान सामान्य का एमएसपी 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। धान ग्रेड-ए की उपज के लिए किसानों को 2,461 रुपये प्रति क्विंटल मिलेंगे। इसी तरह बाजरा का समर्थन मूल्य 2,900 रुपये और मक्का का 2,410 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है。
एफसीएस पोर्टल पर कराना होगा पंजीकरण
एमएसपी पर अपनी उपज बेचने के इच्छुक किसानों को एफसीएस पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा।पंजीकरण के बाद किसान निर्धारित क्रय केंद्र पर अपनी फसल बेच सकेंगे। प्रशासन के अनुसार खरीद शुरू होने से पहले पंजीकरण पूरा होने पर किसानों को केंद्रों पर उपज बेचने में परेशानी नहीं होगी। जिला प्रशासन ने खरीद व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए केंद्रों को पहले ही अनुमोदित कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि एमएसपी पर खरीद का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित और सरकारी निर्धारित मूल्य उपलब्ध कराना है।


