कांड्रा डबल मर्डर केस: दोनों आरोपियों ने कबूला अपराध, कार व अन्य सामान जब्त
क्रासर- कार, मोबाइल,गैता और कुदाल बरामद 17 अगस्त को दो युवकों का हुआ था अपहरण

कांड्रा डबल मर्डर में दोनों आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपना अपराध कबूल लिया है। 11 सितंबर को कोर्ट में सरेंडर के बाद पुलिस की पूछताछ में उन्होंने घटना के बारे में पूरी जानकारी दी। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार, दो मोबाइल और शवों को दफनाने के लिए प्रयुक्त गैता व कुदाल को बरामद कर जब्त कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में गम्हरिया थाना क्षेत्र के सालडीह निवासी मॉझी राज टुडू उर्फ राजा टूडू और यशपुर निवासी सुनील सोरेन शामिल हैं। इससे पूर्व पुलिस इस मामले में फुलचंद रघुनाथ हांसदा और रविन्द्र मार्डी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
17 अगस्त को कांड्रा थाना क्षेत्र के धतकीडीह और कांड्रा काण्ड्रा के रहने वाले दो युवक राहुल हांसदा (23 वर्ष) और तपन प्रधान (21 वर्ष) अचानक लापता हो गए थे। काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों ने 20 अगस्त को थाने में अपहरण की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि विवाद की मुख्य वजह एक मोबाइल फोन की चोरी का आरोप था। आरोपियों को शक था कि लापता युवकों ने मोबाइल चोरी किया है। इसी विवाद में आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से दोनों युवकों का अपहरण किया और फिर बड़ी बेरहमी से उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य (सबूत) छुपाने के इरादे से आरोपियों ने दोनों शवों को कांड्रा थाना क्षेत्र के ही रामचन्द्रपुर-रापचा फुटबॉल मैदान के पास स्थित जंगल में एक गड्ढा खोदकर दफना दिया था। पुलिस ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर दो स्थानीय युवकों (फुलचंद रघुनाथ हांसदा और रविन्द्र मार्डी) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 22 अगस्त को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जंगल में गड्ढा खुदवाकर दोनों लापता युवकों के शवों को बरामद किया। पहले गिरफ्तार हुए आरोपियों के कबूलनामे से स्पष्ट हुआ कि इस हत्याकांड और शवों को ठिकाने लगाने में गम्हरिया के मांझी राज टुडू और सुनील सोरेन भी शामिल थे, जिन्होंने शवों को दफनाने के लिए गैता व कुदाल का इंतजाम किया और घटना में कार का इस्तेमाल किया था।

