विधायक पल्लवी पटेल ने खाद और बिजली के मुद्दे पर सरकार को कोसा
अपना दल कमेरावादी का कार्यकर्ता सम्मेलन खखरेरु में हुआ, जहां सिराथू विधायक डा. पल्लवी पटेल ने खाद, बिजली और किसानों की समस्याओं पर सरकार की निंदा की। उन्होंने स्वतंत्रता के वास्तविक अर्थ पर जोर दिया और कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटने के लिए प्रेरित किया।
खखरेरु। अपना दल कमेरावादी का कार्यकर्ता सम्मेलन क्षेत्र के रक्षपालपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित हुआ। जिसमें सिराथू विधायक डा.पल्लवी पटेल ने खाद, बिजली के मुद्दे पर पर सरकार को जमकर कोसा। साथ ही आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के संस्थापक डा.सोनेलाल पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। सिराथू विधायक ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी समाज के अंतिम व्यक्ति को वास्तविक स्वतंत्रता नहीं मिल सकी, किसान अपनी फसल का मूल्य खुद तय नहीं कर सकता। खाद और बिजली की समस्या से किसान परेशान है, कहा की पूर्व में 50 किग्रा की खाद की बोरी मिलती थी, जो इस समय 45 किग्रा की हो चुकी है साथ ही कीमतें भी बढ़ी हैं।
इसके बावजूद किसानों को समय से खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि धर्म और आत्मनिर्भरता जैसे मुद्दों के नाम पर आम जनता को भ्रमित किया जा रहा है। नोटबंदी के दौरान कालेधन पर अंकुश लगाने का दावा किया गया था, लेकिन बड़े आर्थिक घोटालों के आरोपों के बीच कई बड़े कारोबारी देश से बाहर चले गए। उन्होने कार्यकर्ताओं से सड़क से संसद तक जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। 23 अगस्त को रायबरेली में प्रस्तावित जनसभा में कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सीएल पटेल के अलावा सतनारायण पटेल, विद्या पटेल, सुशील सिंह, तेज प्रताप सिंह, धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।


