न्यायपालिका पर पूरा भरोसा, मंत्री का साजिश हुआ नाकाम: हरिमोहन
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से करेंगे मांग, डॉ इरफान अंसारी के मंत्रित्व काल की पुरी जांच करवाई जाए बीते दिनों सदर अस्पताल जामताड़ा में एक गर्भवती मह

जामताड़ा, प्रतिनिधि। बीते दिनों सदर अस्पताल जामताड़ा में एक गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु की प्रसव के दौरान मौत हो जाने के मामले में सदर अस्पताल में घटित घटना की आड़ में षड्यंत्र के तहत भाजपा जिला अध्यक्ष समेत 8 लोगों को स्वास्थ्य मंत्री के इशारे पर झूठा मुकदमा दर्ज करवाया गया था। इस मामले में जामताड़ा व्यवहार न्यायालय से बड़ी राहत मिली है। न्यायपालिका ने जिला अध्यक्ष सहित सभी 8 नामजद भाजपा कार्यकर्ताओं को जमानत दिया है, जो बड़ी राहत है। साथ हीं न्यायपालिका के इस फैसले से मंत्री के षड्यंत्र को भी विफलता मिली है। उक्त बातें भाजपा केंद्रीय कार्य समिति सदस्य हरिमोहन मिश्रा ने कही।
भाजपा नेता की प्रतिक्रिया
हरिमोहन मिश्रा ने न्यायालय के प्रति आस्था जताते हुए कहा कि इसमें प्रदेश नेतृत्व का भी बहुत बड़ा योगदान रहा है, जो लगातार इस मुद्दे को बारीकी से मॉनिटरिंग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब तक वह राजनीति में सक्रिय है और प्रदेश नेतृत्व का मार्गदर्शन मिलता रहेगा वे स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के साजिशों को सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पत्राचार कर उनके द्वारा डॉ इरफान अंसारी के स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद से अब तक के कार्यकाल का पूरी जांच करवाने की मांग करेंगे।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर चिंता
उनके कार्यकाल में राज्य से बाहर के लोगों को आउटसोर्सिंग और अनुबंध के माध्यम से धन उगाही कर नौकरी देने का काम किया जा रहा है। करोड़ों रुपए दवा और इक्विपमेंट के नाम पर लूट खसोट हो रहा है। पूरे राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है।
कहा कि मंत्री ने बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए हुए 108 एंबुलेंस को बंद करने का घोषणा कर दिया है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। प्रत्येक सप्ताह में किसी ने किसी अस्पताल में गरीबों के मरने का मामला सामने आता है और सबसे ज्यादा इसमें दलित, आदिवासी और कमजोर तबके के लोग पीस रहे हैं। उनकी लूट खसोट की राजनीति पर अब केंद्र सरकार जल्द विराम लगाने का काम करेगी।
फोटो जामताड़ा: हरिमोहन मिश्रा, प्रदेश कार्य समिति सदस्य


