पुलिस मुख्यालय घेराव के ऐलान पर समाजसेवी हाउस अरेस्ट
जहांगीरगंज के सामाजिक कार्यकर्ता रमेश मौर्य को अयोध्या के राम लगन मौर्य हत्याकांड में न्याय की मांग के तहत 20 घंटे तक हाउस अरेस्ट रखा गया। वो पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए अभियान चला रहे हैं। पुलिस ने उन्हें घर से बाहर निकलने से रोका, जबकि उन्होंने गिरफ्तारी की मांग दोहराई।

जहांगीरगंज, संवाददाता। अयोध्या के राम लगन मौर्य हत्याकांड में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पुलिस मुख्यालय घेराव का ऐलान करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता रमेश मौर्य को पुलिस ने करीब 20 घंटे तक हाउस अरेस्ट रखा। बुधवार रात करीब आठ बजे से गुरुवार शाम चार बजे तक पुलिसकर्मी उनके घर पर निगरानी में तैनात रहे। रमेश मौर्य पिछले कई दिनों से राम लगन मौर्य हत्याकांड समेत अन्य मामलों में कार्रवाई की मांग को लेकर अभियान चला रहे हैं। उन्होंने एक अक्तूबर को लखनऊ स्थित डीजीपी मुख्यालय के घेराव का ऐलान किया था। इसके बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और एहतियातन उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया गया।
हाउस अरेस्ट के दौरान रमेश मौर्य ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और लंबित मामलों में प्रभावी कार्रवाई की मांग को लेकर है। उन्होंने राम लगन मौर्य हत्याकांड में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि अयोध्या के राम लगन मौर्य, गोंडा के विनोद साहनी और सौरभ विश्वकर्मा समेत विभिन्न मामलों में पीड़ित परिवार न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिस-प्रशासन को ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़ितों की आवाज सुननी चाहिए।

