प्रधानमंत्री को भारत रत्न देने पर भाजपा में कोई चर्चा नहीं: नड्डा
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत रत्न देने के बारे में भाजपा में कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी सही समय पर निर्णय लेगी। नड्डा ने राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि कुछ लोगों को अर्थशास्त्र की जानकारी भी नहीं है।

बेंगलुरु, एजेंसी। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत रत्न देने के बारे में भाजपा में कोई चर्चा नहीं हुई है। नड्डा ने कहा कि जहां तक देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न की बात है, पार्टी ऐसे मामलों पर सही समय आने पर फैसला लेती है। इस मामले पर अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है, लेकिन आपका सुझाव अच्छा है। वे उस सवाल का जवाब दे रहे थे कि क्या देशव्यापी महीने भर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के आखिर में देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने का कोई प्रस्ताव आएगा।नड्डा
ने कहा कि देश में बदलाव और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में प्रगति लोकतंत्र और लोगों को साथ लेकर चलने के बिना संभव नहीं होती है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इस आरोप पर कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार आंकड़ों के जरिए गलत तस्वीर पेश करने की कोशिश कर रही है, नड्डा ने कहा कि कुछ लोगों को तो अर्थशास्त्र का ‘ई’ भी नहीं पता। राहुल गांधी को भी इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।


