अछल्दा थाने के चार आरक्षी बने उपनिरीक्षक, थाना परिवार में खुशी
अछल्दा थाने के चार आरक्षियों को उपनिरीक्षक के पद पर चयनित किया गया है। संतोष कुमार, ऋषि यादव, बॉबी सिंह और कुमारी रीता ने कड़ी मेहनत और अध्ययन से यह सफलता प्राप्त की। थाना प्रभारी ने उनकी उपलब्धि को सराहा और इसे दूसरों के लिए प्रेरणा माना।

अछल्दा थाने में तैनात तीन पुरुष और एक महिला आरक्षी का उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (एसआई) पद पर चयन होने से थाना परिसर में खुशी का माहौल है। परिणाम घोषित होने के बाद थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों ने चारों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपनिरीक्षक पद पर चयनित आरक्षियों में संतोष कुमार हाथरस, ऋषि यादव फिरोजाबाद, बॉबी सिंह फिरोजाबाद और महिला आरक्षी कुमारी रीता अलीगढ़ शामिल हैं। चारों ने पुलिस विभाग में आरक्षी के रूप में सेवा करते हुए नियमित अध्ययन और कठिन परिश्रम के बल पर यह सफलता हासिल की। चयनित आरक्षियों ने बताया कि नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी जारी रखी।
इसी का परिणाम उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा में सफलता के रूप में मिला।थाना प्रभारी सुरेशचंद्र सिंह ने कहा कि ड्यूटी के साथ प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल करना अनुकरणीय उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि चारों आरक्षियों की मेहनत और लगन अन्य पुलिसकर्मियों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणा है। थाना स्टाफ ने सभी चयनित आरक्षियों को बधाई देते हुए उनके सफल सेवाकाल की शुभकामनाएं दीं।


