167 सागौन के बोटे लदा ट्रक पकड़ा, दो गिरफ्तार
बलरामपुर के रेहरा बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस और वन विभाग की टीम ने 167 नग सागौन के बोटे लदा ट्रक पकड़ा। मनकापुर की ओर जाते समय हुई कार्रवाई में पांच क्विंटल सागौन की जलौनी लकड़ी भी बरामद की गई। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

बलरामपुर, संवाददाता। रेहरा बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध लकड़ी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 167 नग सागौन के बोटे लदा ट्रक पकड़ लिया। सोमवार रात इटवा जंगल के पास हुई कार्रवाई में ट्रक से करीब पांच क्विंटल सागौन की जलौनी लकड़ी भी बरामद की गई। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद लकड़ी और ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार चार अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि शहजौरा की ओर से जंगल और ग्रामीण क्षेत्रों से चोरी से काटी गई लकड़ी ट्रक में लादकर मनकापुर की ओर ले जाई जा रही है।
सूचना पर रेहरा बाजार पुलिस ने वन विभाग की टीम के साथ इटवा जंगल के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मनकापुर की तरफ जाता हुआ ट्रक दिखाई दिया। टीम ने टार्च की रोशनी से ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में सागौन के 167 बोटे लदे मिले। इसके अलावा करीब पांच क्विंटल सागौन की जलौनी लकड़ी भी बरामद हुई। टीम ने लकड़ी के संबंध में ट्रांजिट पास व अन्य वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दोनों मिलकर सरकारी जंगल और ग्रामीण क्षेत्रों से सागौन के पेड़ काटकर लकड़ी शहर में बेचते थे। पुलिस के अनुसार, बरामद लकड़ी की कीमत का आकलन वन विभाग की ओर से किया जा रहा है। कार्रवाई के बाद वन विभाग ने भी लकड़ी से संबंधित अभिलेखों की जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम कुमार पुत्र पवन कुमार निवासी नई बस्ती बैरीपुर थाना मनकापुर, जनपद गोंडा और संतोष सिंह उर्फ शक्ति सिंह पुत्र अर्जुन सिंह निवासी बैरिया सुरजनपुर, थाना रेहरा बाजार, जनपद बलरामपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना रेहरा बाजार में मुकदमा दर्ज किया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रभात पाल, कांस्टेबल सूरज कुमार वर्मा व प्रवेश वर्मा के साथ वन विभाग के उप क्षेत्रीय वनाधिकारी अशोक कुमार पांडेय, वन रक्षक राजेश्वर दत्त तिवारी और चालक अवधेश कुमार गुप्ता शामिल रहे।

