मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की मांग, वामपंथी ने किया विरोध प्रदर्शन
- जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट पहुंचकर की नारेबाजी, मांगों के समर्थन में सौंपा ज्ञापन मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने मांग, वामपंथी ने कियामुख्य निर्वाच

मऊ, संवाददाता। संयुक्त वामपंथी मोर्चा के बैनर तले विभिन्न वाम दलों के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने देशव्यापी आंदोलन के तहत गुरुवार को जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद भारत निर्वाचन आयोग से जुड़े गंभीर मुद्दों और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी, मऊ के माध्यम से सौंपा।ज्ञापन में बताया कि त्रिस्तरीय आयोग के दो सदस्यों (सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी) ने 10 महीनों में 14 बार आयोग द्वारा लिए गए फैसलों का विरोध किया था। कई फैसलों से उन्हें अंधेरे में रखा गया, जिनमें नए मतदाताओं के नाम शामिल करने से लेकर नाम हटाने जैसे निर्णय शामिल थे।
इसके अलावा मतदाता सूची के डेटाबेस तक पहुंच को नीचे के अधिकारियों को बाईपास कर दिल्ली में केंद्रित करने के फैसलों का भी विरोध किया गया था। मोर्चा ने आरोप लगाया कि इन तमाम घटनाओं से भारत निर्वाचन आयोग के कामकाज और उसकी निष्पक्षता पर गंभीर चिंताएं पैदा होती हैं। यह दिखाता है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पद अपनी विश्वसनीयता खो चुका है, और जिस निकाय के भीतर लोकतंत्र नहीं है, वह देश में लोकतांत्रिक चुनाव कैसे करा सकता है। मांग किया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तुरंत उनके पद से हटाया जाए। एसआईआर प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाई जाए तथा मतदाता सूचियों से गलत तरीके से बाहर किए गए सभी नागरिकों का मतदान अधिकार बहाल किया जाए। निर्वाचन आयोग की स्वतंत्र और लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली को पुन: स्थापित किया जाए। निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति की वर्तमान व्यवस्था को बदलकर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा प्रस्तावित चयन समिति के आधार पर किया जाए, दोषपूर्ण एसआईआर के आधार पर अब तक संपन्न हुए चुनावों की वैधता समाप्त करते हुए उन्हें रद्द किया जाए। प्रदर्शन में इम्तेयाज़ अहमद पूर्व विधायक, अब्दुल अज़ीम खां, राम अवतार सिंह, रामनवल,रामकुमार भारती, शिवा कांत मिश्रा वीरेंद्र कुमार, रामसोंच यादव, शिव मूरत, राम प्रवेश यादव, सिकंदर, बिस्वराज, प्रसेन, शेख हेसामुद्दीन, रामनारायण सिंह, विनोद कुमार राय, फकरे आलम, रामजीत चौहान, श्रीराम सिंह, विवेक राय, सुबाष चक्रदेवा, साधू यादव, रामबली राजभर, सुरेश आदि शामिल रहे।


