पोटका में मलेरिया से हुई मौतों की जांच को तीन सदस्यीय दल गठित
पूर्वी सिंहभूम के पोटका प्रखंड में सेरेब्रल मलेरिया से हुई मौतों की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया है। दल की अध्यक्षता अपर जिला दंडाधिकारी मुकेश मछुआ करेंगे और उन्हें तीन दिन में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में पुनरावृत्ति रोकने के लिए समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा।

पूर्वी सिंहभूम(जमशेदपुर) के पोटका प्रखंड में सेरेब्रल मलेरिया जनित मौतों के कारणों की जांच के लिए जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के आदेशानुसार तीन सदस्यीय संयुक्त जांच दल का गठन किया गया है। जांच दल की अध्यक्षता अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) मुकेश मछुआ करेंगे, जबकि सदर अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजीत पंडा और आईडीएसपी यूनिट के महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. असद को सदस्य बनाया गया है। उपायुक्त ने जांच दल को निर्देश दिया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थल निरीक्षण कर विस्तृत जांच की जाए। साथ ही इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता बरतने वाले स्वास्थ्य कर्मियों एवं पदाधिकारियों की पहचान करते हुए तीन दिनों के भीतर अपनी विस्तृत जांच प्रतिवेदन समर्पित करें, ताकि दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के माध्यम से नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
दल को यह भी निर्देशित किया गया है कि स्थल निरीक्षण के दौरान मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक सुझाव भी उपलब्ध कराएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


