तीन दिनों में 2,218 चालान और 121 वाहन सीज
हल्द्वानी में परिवहन विभाग और प्रवर्तन दलों ने तीन दिवसीय सघन चेकिंग अभियान चलाया। 2,218 वाहनों के चालान काटे गए और 121 वाहनों को सीज किया गया। ऊधमसिंह नगर में सबसे अधिक 1,346 चालान हुए। नियमों के उल्लंघन के कई मामलों में कार्रवाई की गई। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हल्द्वानी। हल्द्वानी संभाग में परिवहन विभाग और प्रवर्तन दलों ने व्यापक स्तर पर संयुक्त अभियान छेड़ा। सात से नौ सितम्बर के बीच चले तीन दिवसीय सघन चेकिंग अभियान में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसा गया। संभाग भर में 2,218 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि गंभीर लापरवाही और नियमों के उल्लंघन के चलते 121 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। आरटीओ प्रवर्तन अरविंद पांडे ने बताया कि नियमों की धज्जियां उड़ाने में जनपद ऊधमसिंह नगर सबसे आगे रहा, जहां कुल 1,346 चालान किए गए और 92 वाहनों को सीज किया गया। ऊधमसिंह नगर के अंतर्गत रुद्रपुर उप संभाग में 808 चालान और 54 वाहन सीज हुए। वहीं, काशीपुर उप संभाग में 538 चालान व 38 वाहन बंद किए गए। नैनीताल जिले में जहां 662 वाहनों पर कार्रवाई हुई और 26 वाहन सीज किए गए। वहीं हल्द्वानी उप संभाग में 486 चालान व 12 वाहन सीज और रामनगर उप संभाग में 176 चालान व 13 वाहन बंद किए गए। चंपावत जनपद के टनकपुर उप संभाग में चेकिंग के दौरान 210 चालान और 4 वाहनों की जब्ती दर्ज की गई।
बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों के चालान
आरटीओ पांडे ने बताया कि कुल चालानों में से अकेले 1,342 मामले बिना हेलमेट दोपहिया चलाने के पाए गए, जिनमें ऊधमसिंह नगर में 876, नैनीताल में 380 और चंपावत में 86 चालान शामिल हैं। पीछे बैठे सहयात्री द्वारा हेलमेट न लगाने के भी 675 मामले दर्ज किए गए। सड़क पर स्टंट करने और ट्रिपल राइडिंग करने वाले 164 चालकों पर गाज गिरी। चारपहिया वाहनों में बिना सीट बेल्ट ड्राइव करने पर 145 चालान काटे गए। बिना वैध कागजात के सड़कों पर दौड़ने वाले 278 वाहनों पर शिकंजा कसा गया। 157 लोग बिना ड्राइविंग लाइसेंस के गाड़ी चलाते हुए पकड़े गए। गाड़ियों के शीशों पर नियम विरुद्ध काली फिल्म चढ़ाने पर 11 वाहनों पर कार्रवाई हुई, जबकि ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग और गलत पार्किंग जैसे अन्य विविध मामलों में 949 चालान किए गए।
रुद्रपुर प्रवर्तन दल की सक्रियता
दलों की सक्रियता के लिहाज से रुद्रपुर प्रवर्तन दल 219 चालान और 27 सीज के साथ सबसे आगे रहा। इंटरसेप्टर रुद्रपुर ने 195 चालान व 3 सीज, जसपुर सचल दल ने 174 चालान व 4 सीज, हल्द्वानी सचल दल ने 157 चालान व 5 सीज, काशीपुर सचल दल ने 147 चालान व 20 सीज और रामनगर प्रवर्तन दल ने 111 चालान व 13 वाहनों की जब्ती की। आरटीओ पांडे ने कहा कि सड़क सुरक्षा सीधे तौर पर नागरिकों के जीवन से जुड़ी है, लिहाजा आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक आक्रामकता के साथ जारी रहेगा


