मायागंज अस्पताल पर चार करोड़ की आबादी के इलाज का जिम्मा, सुविधाएं और बढ़े
हिन्दुस्तान संवाद आठ लोगों की फोटो जेएलएनएमसीएच सिर्फ भागलपुर ही नहीं, बल्कि आसपास

भागलपुर, वरीय संवाददाता। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज व अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) सिर्फ भागलपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के 15 से अधिक जिलों के गंभीर मरीजों के इलाज का मुख्य केंद्र है। अस्पताल में भागलपुर के अलावा पूर्वी बिहार, कोसी, सीमांचल, संथाल परगना समेत झारखंड व पश्चिम बंगाल के मरीजों की भीड़ लगी रहती है। अस्पताल पर करीब चार करोड़ की आबादी के इलाज की जिम्मेदारी है। बावजूद, यहां गंभीर मरीजों के लिए एमआरआई, एंजियोग्राफी, कैंसर रेडियोलॉजी जैसी सुविधा मरीजों को नहीं मिल रही है। वहीं आईसीयू के बेड की संख्या कम रहने से हर समय बेड के लिए मारामारी लगी रहती है। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखकर जेएलएनएमसीएच से संबद्ध सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण कराया गया है। इस अस्पताल को डॉक्टरों व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की कमी के कारण अबतक पूरी क्षमता से शुरू नहीं किया जा रहा है। मरीजों के बढ़ते बोझ के कारण अब अस्पताल में संसाधन कम पड़ने लगे हैं। मामले पर हिन्दुस्तान संवाद के माध्यम से शहर के जागरूक नागरिक, समाजसेवी समेत आमलोगों से संवाद किया गया। सभी ने एक स्वर में जेएलएनएमसीएच समेत अन्य सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं को बढ़ाने की मांग की। वहीं सरकार से भागलपुर की बदहाल स्वास्थ्य सेवा को बेहतर करने की मांग की।
स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविकता
भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल बिहार समेत पड़ोसी राज्यों की आबादी के इलाज का मुख्य केंद्र है। यहां पर आए दिन एमआरआई समेत अन्य तरह की जांच बंद होने की बात सामने आती है। इसमें सुधार की जरूरत है।
- कमल जायसवाल, समाजसेवी
सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की स्थिति
गरीबों के इलाज के लिए सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को बेहतर करने की जरूरत है। पैसे वाले लोग बेहतर इलाज के लिए निजी क्लीनिक व अस्पताल का रुख करते हैं। लेकिन आमलोगों को बेहतर इलाज के अभाव में अपनी जान गंवानी पड़ती है।
- प्रकाश चंद्र गुप्ता, समाजसेवी
दबाव और संसाधन की कमी
भागलपुर समेत पूर्वी बिहार के निवासियों के इलाज का मुख्य केंद्र जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज व अस्पताल है। सरकारी स्तर पर इसे और विकसित करने की जरूरत है। मरीजों का दबाव इस अस्पताल पर बढ़ता जा रहा है।
- रमण कर्ण, समाजसेवी
स्वास्थ्य उपकरणों की स्थिति
यह अक्सर देखा जाता है कि सरकारी हॉस्पिटल में मरीजों के इलाज के लिए करोड़ों की मशीन उपलब्ध है, लेकिन मेंटेनेंस के अभाव में वे अक्सर बेकार पड़ी रहती है। इसका खमियाजा आम मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
- सैयद जीजाह हुसैन, समाजसेवी
मायागंज अस्पताल में सुधार की जरूरत
मायागंज अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीजों की नियमित देखभाल एवं निगरानी सुनिश्चित की जानी चाहिए। व्यवस्था में सुधार से ही मरीजों को क्वालिटी चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
- नितेश चौबे, रक्तवीर व समाजसेवी
सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता
मायागंज अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधा में अभी बहुत सुधार की जरूरत है। ओपीडी में पीजी डॉक्टर इलाज करते हैं। मानसिक विभाग में ईईजी जैसी जांच बंद हो गयी है। कैंसर उपचार के लिए रेडिएशन की सुविधा शुरू नहीं हुई।
- सुजीत कुमार झा, सचिव, जिला कांग्रेस कमेटी
स्वास्थ्य सेवा का महत्व
आमलोगों की मूलभूत सुविधाओं में स्वास्थ्य सेवा का मुख्य स्थान है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर के मायागंज अस्पताल में सुविधाओं में इजाफा करना होगा। यहां इलाज के लिए रोज हजारों लोग आते हैं।
- प्रो. एजाज अली रोज, समाजसेवी
स्थानीय स्तर पर इलाज की आवश्यकता
भागलपुर शहर के सैकड़ों लोग इलाज कराने के लिए पटना, दिल्ली व कोलकाता समेत देश के बड़े शहरों में जाते हैं। स्थानीय स्तर पर हर तरह की बीमारी के इलाज की व्यवस्था हो। स्वास्थ्य सेवा में और सुधार की जरूरत है।
- रोहित कश्यप, समाजसेवी

