एसआईआर ने रोकी स्कूलों में आधार और अपार बनाने की रफ्तार
39 फीसदी बच्चों का अब तक नहीं बन सका अपार, 12 जुलाई तक 61 फीसदी बच्चों का बना अपार, 30 जून तक शिक्षा विभाग ने तय की थी समय सीमा

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) ने स्कूलों में बच्चों के बन रहे अपार आईडी और आधार कार्ड की रफ्तार धीमी कर दी है। एसआईआर कार्य में शिक्षकों के बीएलओ और उनके सहयोगी के रूप में कार्य करने पर आधार व अपार बनाने का काम धीमा हो गया है। स्थिति यह है कि राज्य में करीब 61 फीसदी स्कूली बच्चों का ही अपार आईडी बन सका है, जबकि करीब 75 फीसदी बच्चों का आधार कार्ड बन चुका है। स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग ने सभी जिलों में 30 जून तक शत प्रतिशत नामांकित बच्चों का अपार आईडी बनाने का निर्देश दिया था। बावजूद इसके सरकारी स्कूलों के 74,52,518 बच्चों में से 40,75,056 बच्चों का अपार आईडी बन सका है। अभी भी 33.77 लाख बच्चों का अपार आईडी बनाया जाना है। लोहरदगा में सबसे ज्यादा 76.25 प्रतिशत और सिमडेगा में 70.35 प्रतिशत छात्र-छात्राओं का अपार आईडी बन चुका है। इनके अलावे अन्य 11 जिलों में 60 फीसदी से अधिक बच्चों का अपार आईडी बना है। साहिबगंज में सबसे कम 53.87 प्रतिशत और गुमला में 54.14 प्रतिशत बच्चों का अपार आईडी बना है। अगर वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 की बात करें तो तीन महीने में 7.46 लाख बच्चों का अपार आईजी बन चुका है।
अगस्त से फिर चलेगा ड्राइव
एसआईआर की प्रक्रिया में मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म देने और उसे भरवाकर वापस लेकर डिजिटलाइज करने के बाद अगले महीने फिर से अपार-आधार कार्ड निर्माण को लेकर ड्राइव चलेगा। इसके लिए स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग प्रस्ताव तैयार कर रहा है। इसमें प्रखंड-पंचायत स्तर पर कैंप लगाने की तैयारी की जा रही है, ताकि सभी बच्चों का आधार व अपार आईडी बन सके।
जिलावार बच्चों के अपार आईडी निर्माण की स्थिति (प्रतिशत में)
रांची - 61.91
धनबाद - 55.36
गोड्डा - 44.94
हजारीबाग - 56.98
साहिबगंज - 53.87
पूर्वी सिंहभूम - 67.65
पलामू - 63.27
देवघर - 59.96
बोकारो - 66.35
गढ़वा - 58.28
पश्चिम सिंहभूम - 56.22
चतरा - 60.73
गुमला - 54.14
गिरिडीह - 62.55
पाकुड़ - 59.43
सरायकेला - 64.52
लातेहार - 57.09
दुमका - 64.19
जामताड़ा - 69.01
कोडरमा - 62.45
रामगढ़ - 68.95
सिमडेगा - 70.35
खूंटी - 65.43
लोहरदगा - 76.25


