जुटान के चुनाव में 388 शिक्षक करेंगे मतदान
झारखंड यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (जुटान) के चुनाव के लिए मतदाता सूची जारी की गई है। राज्य के 405 शिक्षकों में से 388 मतदान के योग्य हैं। मतदान 26 जुलाई को होगा, जिसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों से शिक्षक शामिल होंगे। रांची विश्वविद्यालय के सबसे अधिक 193 शिक्षक मतदाता हैं।

रांची, विशेष सवाददाता। झारखंड यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (जुटान) की नई कार्यकारिणी के चुनाव के लिए मतदाता सूची सोमवार को जारी कर दी गई। जारी सूची के अनुसार राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुल 405 में से 388 शिक्षक जो नियमित सेवा में हैं, मतदान के पात्र होंगे। चुनाव की पूरी प्रक्रिया इलेक्ट्रॉनिक मतदान (ई-वोटिंग) के माध्यम से संपन्न होगी। मतदान 26 जुलाई की सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। रांची विश्वविद्यालय से सबसे अधिक मतदाता
मतदाता सूची
मतदाता सूची के अनुसार रांची विश्वविद्यालय के सबसे अधिक 193 शिक्षक मतदाता हैं। इसके अलावा कोल्हान विश्वविद्यालय के 54, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के 48, नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के 44, बीबीएमकेयू के 25, सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के 18, डीएसपीएमयू के 14, जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के 5 और झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय के 4 शिक्षक मतदाता सूची में शामिल हैं।
चुनाव में अध्यक्ष के अलावा अन्य पद
चुनाव में अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, महासचिव, दो संयुक्त सचिव, प्रकाशन सचिव, प्रवक्ता और कोषाध्यक्ष सहित कुल 9 पदों के लिए निर्वाचन होगा। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की प्रक्रिया 14 जुलाई से शुरू होकर 16 जुलाई की मध्यरात्रि तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 18 जुलाई को शाम 5 बजे निर्धारित की गई है। चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया चुनाव पर्यवेक्षक डॉ गणेश चंद्र बास्के और डॉ कंजीव लोचन की देखरेख में संपन्न होगी। दोनों पर्यवेक्षक इस चुनाव में किसी भी पद के प्रत्याशी नहीं हैं।


