झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में एनसीसी की शुरुआत
झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में पहली बार राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की शुरुआत की गई है। चयन प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चयनित कैडेटों को अनुशासन, नेतृत्व, देशभक्ति, और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में प्रशिक्षण मिलेगा। रजिस्ट्रार ने इसे छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

रांची, विशेष संवाददाता। झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में पहली बार राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की शुरुआत की गई है। विश्वविद्यालय में एनसीसी की स्थापना के साथ ही विद्यार्थियों के चयन की प्रक्रिया भी शनिवार को आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चयन प्रक्रिया विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ हेमेंद्र कुमार भगत, सहायक रजिस्ट्रार डॉ नागेश कुमार, 3 झारखंड बटालियन एनसीसी सीटीओ डॉ शशि कुमार जे और विश्वविद्यालय के फिजिकल ट्रेनर लालदेव कुजूर की देखरेख में संपन्न हुई। इसमें विद्यार्थियों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और एनसीसी के प्रति उनकी रुचि को प्रमुख आधार बनाया गया। चयनित कैडेटों को एनसीसी के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व, देशभक्ति, शारीरिक एवं मानसिक दक्षता और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा lरजिस्ट्रार डॉ हेमेंद्र कुमार भगत ने एनसीसी की शुरुआत को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करने में सहायता मिलेगी।


