Deogarh News: स्टेट निशानेबाजी : अदिति आनंद झा व तमन्ना झा को गोल्ड
Deogarh News: देवघर जिला राइफल शूटिंग संघ की तमन्ना झा ने 29 से 31 जुलाई तक आसनसोल में आयोजित 16वीं झारखंड स्टेट राइफल/पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता। अन्य निशानेबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया और कई मेडल जीते। सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया। छह से सात निशानेबाज ईस्ट इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे।

Deogarh News: देवघर, प्रतिनिधि। झारखंड स्टेट राइफल संघ द्वारा आयोजित 16 वीं झारखंड स्टेट राइफल/पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता आसनसोल राइफल क्लब में 29 से 31 जुलाई तक आयोजित की गई थी। जिसमें देवघर जिला राइफल शूटिंग संघ की तमन्ना झा ने लड़कियों के ग्रुप में पॉइंट 22 पिस्टल, 25 मीटर में 246/300 अंक लाकर गोल्ड मेडल प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में अन्य उपलब्धियाँ
जबकि आतिश ने ओपन ग्रुप में पॉइंट 32 फायर आर्म्स पिस्टल 25 मीटर में 230/300 अंक लाकर सिल्वर मेडल जीतकर जिले के खिलाड़ियों के साथ सभी का मान-सम्मान बढ़ाया। इन निशानेबाजों को नेशनल राइफल एसोसिएशन के मेंबर वेस्ट बंगाल राइफल शूटिंग संघ के अध्यक्ष वीके डाल द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रतियोगिता के अंतिम दिन के रिजल्ट में अदिति आनंद झा ने 10 मीटर एयर पिस्टल में 350 अंक लाकर गोल्ड मेडल हासिल किया है। वहीं 50 मीटर पिस्टल .22 में फायर आर्म्स पिस्टल में तमन्ना झा ने गोल्ड मेडल, डॉ पूजा राव ने सिल्वर मेडल और लड़कों के ग्रुप में कवि शंकर पंडित को ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त हुआ।
सामुदायिक सराहना
निशेनाबाजों के इस उपलब्धि पर जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े, देवघर राफल शूटिंग संघ के अध्यक्ष कृष्ण कुमार चौबे, जिला ओलंपिक संघ की सचिव चंदना झा, डीएसए सचिव अझित झा, राइफल संघ के वरीय उपाध्यक्ष राजेश शृंगारी, राकेश नारायण सिंह, सुरेशानंद झा, डॉ. वीरेंद्र सिंह, संजय मालवीय, शेख इफ्तिखार, डॉ. राजीव रंजन सभी ने सभी विजेता निशानेबाजों को बधाई दी है। इस संबंध में देवघर जिला राइफल शूटिंग संघ के सचिव आजाद कुमार पाठक ने बताया कि इस बार निशानेबाजों का बेहतरीन प्रदर्शन रहा। इस बार देवघर के 6 से 7 निशानेबाज अपने अंकों के आधार पर ईस्ट इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे। सीमित साधनों के बावजूद भी खिलाड़ियों का अच्छा प्रदर्शन रहा। बहुत जल्द ही संघ द्वारा सभी को सम्मानित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में अमित सिंह, कवि शंकर पंडित और विश्वजीत की भूमिका सराहनीय रही।


