सरकारी स्कूलों में डीटीएच चैनलों से भी होगी पढ़ाई, पीएम ई-विद्या के तहत 5 चैनल आवंटित
झारखंड के सरकारी स्कूलों में अब छात्र-छात्राएँ डिश टीवी के माध्यम से डिजिटल पढ़ाई कर सकेंगे। पीएम ई-विद्या योजना के तहत पांच विशेष डीटीएच चैनल्स आवंटित किए गए हैं, जिन पर कक्षाओं के अनुसार निःशुल्क शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध होगी। इसमें हिंदी और अंग्रेजी माध्यम दोनों शामिल हैं, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई में सहूलियत होगी।

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। झारखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे अब डिश टीवी (डीटीएच) के माध्यम से भी डिजिटल पढ़ाई कर सकेंगे। छात्र-छात्राएं फ्री डिश डीटीएच और दीक्षा ऐप के जरिए अपनी कक्षाओं के अनुसार शैक्षणिक सामग्री (कंटेंट) निःशुल्क देख और सीख सकेंगे। पीएम ई-विद्या योजना के तहत झारखंड को कुल पांच विशेष डीटीएच चैनल आवंटित किए गए हैं, जिन पर 24 घंटे संबंधित कक्षाओं की सामग्री प्रसारित की जाएगी। विभाग द्वारा तय की गई व्यवस्था के तहत चैनल संख्या 93 को कक्षा 1 से 8 तक के लिए निर्धारित किया गया है। वहीं, चैनल संख्या 94 कक्षा 9, चैनल संख्या 95 कक्षा 10, चैनल संख्या 96 कक्षा 11 और चैनल संख्या 97 कक्षा 12 के शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए आवंटित किए गए हैं।
छात्र अपनी सुविधानुसार घर या विद्यालय में इन चैनलों और दीक्षा प्लेटफॉर्म के माध्यम से पढ़ाई जारी रख सकते हैं।स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में अध्ययन सामग्री तैयार की है। सितंबर माह का कंटेंट पहले ही उपलब्ध करा दिया गया है, जबकि अगले महीने का कंटेंट इस माह के अंत तक जारी कर दिया जाएगा। व्यवस्था के तहत केवल विद्यालयी अवकाश वाले दिनों का कंटेंट शामिल नहीं किया गया है। झारखंड शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुविधा के लिए चैनलों के डायरेक्ट लिंक और क्यूआर कोड भी जारी किए हैं, ताकि सामग्री तक आसानी से पहुंचा जा सके।


