जिले के सभी प्रखंडों में मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन
झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर रविवार को पूरे जिले के 16 प्रखंडों में मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कानूनी जागरूकता और आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर दिया गया। पेंशन, जॉब कार्ड और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभ प्रदान किए गए। कुल 55 करोड़ से अधिक की परिसंपत्तियाँ वितरित की गईं।

हजारीबाग, विधि प्रतिनिधि। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के बैनर तले जिला प्रशासन के सहयोग से रविवार को पूरे जिले के 16 प्रखंडों में अलग -अलग मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया। सभी प्रखंडों में न्यायिक पदाधिकारी, प्रखंड के पदाधिकारी और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सदस्य कार्यक्रम में मौजूद थे। इसी क्रम में मुख्य कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार के बैनर तले और जिला प्रशासन के सहयोग से रविवार को सदर प्रखंड में भी एक मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया。
कार्यक्रम की शुरुआत
सदर प्रखंड में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया। दीप प्रज्वलन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ध्रुव चन्द्र मिश्रा, एडिशनल एसपी अमित कुमार, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुरुषोत्तम गोस्वामी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार सचिव कुमार विपुल, सदर बीडीओ, सदर सीओ व सीडीपीओ ने संयुक्त तौर पर किया। कार्यक्रम के दौरान स्कूल की छात्राओं ने झारखंड के लोकगीत व नृत्य को प्रस्तुत कर स्वागत गान किया। न्याय सबके लिए उद्देश्य के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्य कर रही है और इसी के तहत यह कार्यक्रम जिले के सभी प्रखंडों में रविवार को आयोजित की गई थी।
मुख्य जज का संबोधन
कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान प्रधान जिला जज ध्रुव चन्द्र मिश्रा ने कहा कि लोगों को कानूनी जागरूकता के साथ-साथ लोगों को आर्थिक रूप से सशक्तिकरण होने की आवश्यकता है। उन्होंने अपने अधिकारों के प्रति सभी को सजग रहते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की बात कही और सभी को नशा से दूर रहने और मौद्रिक लेन-देन सिर्फ बैंक व वित्तीय संस्था से करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार जिला प्रशासन के सहयोग से लोगों तक हरेक प्रकार की विधिक व अन्य कल्याणकारी सहायता पहुंचाने के लिए तत्पर है। और इसी क्रम में कार्य भी कर रहा है। कार्यक्रम को अन्य अतिथियों ने भी संबोधित कर सभी को जिला प्रशासन और जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से हरेक प्रकार से सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
लाभ वितरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सभी 16 प्रखंडों को मिलाकर कुल 55 करोड़ 57 लाख 28 हजार 250 रुपए की परिसंपत्तियों का वितरण लाभुकों को किया गया। जिसमें करीब 3 लाख 85 हजार 613 लाभुक लाभान्वित हुए। इस मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर में लाभुकों को सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पेंशन, साड़ी धोती का वितरण, जेएसएलपीएस के सखी मंडल दीदीयों को मुद्रा लोन, जॉब कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, केसीसी, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, नामांतरण शुद्ध प्रमाण पत्र आदि का वितरण, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत लोगों को लाभ, हियरिंग एड का वितरण, स्कूली बच्चों को किताबें व बैग का वितरण आदि कर आर्थिक रूप से सशक्तिकरण करने का प्रयास किया गया।


