पूर्व छात्राएं कस्तूरबा की छात्राओं को दिखाएंगी आत्मनिर्भर करियर की राह
झारखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में एक नई पहल के तहत पूर्व छात्राओं का नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इसका उद्देश्य वर्तमान छात्राओं को मार्गदर्शन एवं प्रेरणा देना है। इस एमओयू पर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद और उगाम एजुकेशन फाउंडेशन के बीच समझौता हुआ है, जिससे छात्रों को सफल करियर की दिशा प्राप्त होगी।

झारखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों और झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों (केजीबीवी और जेबीएवी) में पढ़ने वाली छात्राओं को आत्मनिर्भर और सफल करियर की राह दिखाने के लिए एक अनूठी पहल की गई है। इसके तहत राज्यभर के इन आवासीय विद्यालयों की पूर्व छात्राओं का मजबूत नेटवर्क तैयार किया जाएगा, जो वर्तमान छात्राओं का मार्गदर्शन करेंगी। इस सिलसिले में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी) ने उगाम एजुकेशन फाउंडेशन के साथ एमओयू किया है। यह एमओयू झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम के दौरान उगाम एजुकेशन फाउंडेशन के मुख्य परिचालन अधिकारी संजय कुमार झा भी उपस्थित रहे।
इस एमओयू का मुख्य उद्देश्य एक ऐसा सशक्त एलुमनी नेटवर्क तैयार करना है, जो कस्तूरबा विद्यालयों में वर्तमान में अध्ययनरत बालिकाओं को प्रेरित करने के साथ-साथ उनके करियर और भविष्य को लेकर उनका सही मार्गदर्शन कर सके। इस पहल पर शशि रंजन ने बताया कि यह कार्यक्रम उन पूर्व छात्राओं की सफलता की कहानियों को सामने लाएगा, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों से निकलकर उच्च शिक्षा प्राप्त की है और आज एक आत्मनिर्भर जीवन जी रही हैं। अब यही पूर्व छात्राएं अपनी जूनियर्स की मेंटर बनकर उनका हौसला बढ़ाएंगी। वहीं, संजय कुमार झा ने जानकारी दी कि इन विद्यालयों की पूर्व छात्राएं आज रक्षा क्षेत्र, शिक्षण, नर्सिंग और बैंकिंग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। इसके अलावा, कई पूर्व छात्राएं समाज में नेतृत्व करते हुए पंचायत मुखिया और सचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रही हैं, जो अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत हैं। इस साझेदारी से राज्य की बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ एक बेहतर और सुरक्षित भविष्य की दिशा मिलने की पूरी उम्मीद है।

