बाजार समितियों की दुकानों का किराया दोगुना से ज्यादा बढ़ा
झारखंड राज्य कृषि विपणन पर्षद के निदेशक मंडल ने 28 बाजार समितियों की दुकानों और गोदामों का किराया बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। जमशेदपुर, रांची, धनबाद और देवघर जिलों में किराया दोगुना तक बढ़ सकता है। रांची, जमशेदपुर, और धनबाद में प्रति वर्ग फुट किराया चार से नौ रुपये होगा।

जमशेदपुर की 378 सहित राज्य भर की 28 बाजार समितियों की हजारों दुकानों-गोदामों का किराया बढ़ने जा रहा है। जमशेदपुर, रांची, धनबाद और देवघर जिलों में तो दुकानों-गोदामों का किराया दोगुना से भी अधिक बढ़ने वाला है। इस प्रस्ताव को झारखंड राज्य कृषि विपणन पर्षद के निदेशक मंडल ने मंजूरी दे दी है। अब सिर्फ प्रबंध निदेशक के स्तर से एक-दो दिन में अधिसूचना जारी हो जाएगी। अधिसूचना जारी होते ही नई दर प्रभावी हो जाएगी। अभी रांची का पांच, जमशेदपुर व धनबाद की बाजार समिति की दुकानों-गोदामों का भाड़ा प्रति वर्ग फुट चार रुपये है। इसे निदेशक मंडल ने नौ रुपये करने का प्रस्ताव पारित किया है। देवघर का भी नौ रुपये होगा। अन्य 24 बाजार समितियों का भी किराया बढ़ाया गया है। हालांकि इनकी दर क्रमश: सात और पांच रुपये प्रति वर्गफुट है। इनमें से 14 में सात और शेष 10 बाजार समितियों में पांच रुपये प्रति वर्ग फुट किराया होगा। हालांकि हाईकोर्ट में 2018 से चल रहे एक मामले के फैसले से किराया वृद्धि पर असर पड़ सकता है。
किराया विवरण
चाईबासा, सरायकेला में 7 रुपये प्रति वर्गफुट किराया
चाईबासा, सरायकेला, हजारीबाग, रामगढ़, डाल्टनगंज, बोकारो, गिरिडीह, गढ़वा, कोडरमा, पाकड़, बेरमो, दुमका, गुमला, लोहरदगा बाजार समितियों में दुकानों व गोदामों का किराया प्रति वर्गफुट सात रुपये होगा।
अन्य बाजार समितियों का किराया
चाकुलिया में 5 रुपये होगा किराया
चाकुलिया, खूंटी, मधुपुर, बरहरवा, लातेहार, चतरा, जामताड़ा, गोड्डा, साहेबगंज और सिमडेगा बाजार समिति की दुकानों व गोदामों का किराया पांच रुपये प्रति वर्गफुट होगा। ये अलग बात है कि चाकुलिया बाजार समिति की दुकानें ध्वस्त हो चुकी हैं।
पूर्व की किराया वृद्धि
2019 में बढ़ा था किराया
रांची में 2018, जबकि अन्य बाजार समितियों की दुकानों-गोदामों का किराया 2019 में बढ़ा था। इस प्रकार सात साल से भाड़े में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी। इस बीच साफ-सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट की बिजली आदि का खर्च काफी बढ़ गया है। कुछ अन्य सुविधाएं भी बढ़ाई जानी है। इस वजह से भाड़े में बढ़ोतरी की जा रही है। 2019 में रांची का 5, धनबाद व जमशेदपुर का 4-4 और बाकी का साढ़े तीन और पौने चार रुपए प्रति वर्गफुट था।

