जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर तीन पालियों में हुई झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा
झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 कोडरमा जिले के 22 केंद्रों पर तीन पालियों में शांतिपूर्वक संपन्न हुई। सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक और उप विकास आयुक्त ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना नहीं मिली।

कोडरमा, वरीय संवाददाता। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 शनिवार को कोडरमा जिले के 22 केंद्रों पर तीन पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इसे संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। परीक्षा के निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष और उप विकास आयुक्त रवि जैन ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेजे कॉलेज, कॉमर्स इंटर कॉलेज, सेक्रेड हार्ट स्कूल तथा सीएच प्लस टू उच्च विद्यालय समेत कई परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने केंद्रों पर तैनात गश्ती दल दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, परीक्षा ऑब्जर्वर, उड़नदस्ता दल, पुलिस पदाधिकारियों एवं महिला पुलिस बल को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की सूचना नहीं है। साथ ही आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया गया है। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामरतन वर्णवाल सहित प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।


