केंद्रीय एसोसिएशन के निर्णय का होगा पूरजोर समर्थन
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो की पुलिस के प्रति अमर्यादित भाषा की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा है कि महतो सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से पुलिसकर्मियों का अपमान कर रहे हैं, जो पुलिस की गरिमा पर चोट कर रहा है। एसोसिएशन ने केंद्र की पहल का समर्थन करने का ऐलान किया है।

गिरिडीह, प्रतिनिधि। झारखण्ड पुलिस एसोसिएशन शाखा आईआरबी 09 गिरिडीह ने डुमरी विधायक जयराम महतो के द्वारा पुलिस के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर पुलिस की गरिमा को लगातार ठेस पहुंचाने की घटना का कड़ी निन्दा की तथा केन्द्रीय एसोसिएशन के द्वारा इस संबंध में जो भी आंदोलनात्मक निर्णय लिया जायेगा उसका पूरजोर समर्थन करने का ऐलान किया है। पुलिस एसोसिएशन आईआरबी 09 गिरिडीह के सचिव पियुष प्रकाश, उपाध्यक्ष मंगल मरांडी एवं संयुक्त सचिव अभिजीत कुमार भोक्ता ने कहा है कि डुमरी विधायक जयराम महतो के द्वारा लगातार सोशल मीडिया एवं प्रेस के माध्यम से हर पल पुलिसकर्मियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए वीडियो जारी किया जा रहा है।
लगातार महतो के द्वारा वर्दीधारी के सम्मान एवं गरिमा को ठेस पहुंचाया जा रहा है। संवैधानिक पद पर बैठे एवं संविधान के मंदिर में बैठनेवाले माननीय का यह आचरण झारखण्ड पुलिस एसोसिएशन एवं सदस्यों को पीड़ा पहुंचा रही है। झारखण्ड पुलिस एसोसिएशन केन्द्रीय कार्यालय झारखण्ड रांची के तमाम पदाधिकारियों ने सदस्यों की भावना एवं माननीय के द्वार किये गये कृत के लिए आंदोलनात्मक निर्णय लिया है। विधायक के द्वारा पुलिस के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर पुलिस की गरिमा को लगातार ठेस पहुंचाने का काम कर रहे हैं। इसकी आईआरबी-09 गिरिडीह के तमाम सदस्य कड़ी निन्दा करते हैं तथा केन्द्रीय एसोसिएशन के द्वारा जो भी निर्णय लिया जायेगा उसका पूरजोर समर्थन करते हैं।


