एशिया पैसिफिक योगासन चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों ने जीते चार पदक
झारखंड के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय एशिया पैसिफिक योगासन चैंपियनशिप-2026 में चार पदक जीते। रक्षित झा और अनाभ्या आयशा ने कांस्य पदक, जबकि नंदिनी रॉय और स्मिकी सरकार ने रजत पदक अपने नाम किया। डब्ल्यूएफएफ के अध्यक्ष ने खिलाड़ियों की मेहनत की सराहना की और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए अभ्यास जारी रखने का आह्वान किया।
जमशेदपुर। वर्ल्ड फेडरेशन फॉर योगासन स्पोर्ट्स (डब्ल्यूएफएफवाईएस) की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय एशिया पैसिफिक योगासन चैंपियनशिप-2026 में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक जीते। विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत का परिचय देते हुए राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।अंडर-10 बालक वर्ग में रक्षित झा ने पारंपरिक एवं कलात्मक एकल योगासन स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं अंडर-14 बालिका वर्ग में अनाभ्या आयशा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पारंपरिक एवं कलात्मक एकल स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया।अंडर-17 बालिका वर्ग में नंदिनी रॉय ने बेहतरीन प्रदर्शन कर रजत पदक जीता।
इसके अलावा महिला 40 से 50 आयु वर्ग में स्मिकी सरकार ने भी रजत पदक हासिल कर झारखंड की पदक तालिका में योगदान दिया।डब्ल्यूएफएफ के अध्यक्ष अंशु सरकार ने सभी प्रतिभागियों और पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों के समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम की सराहना करते हुए आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए निरंतर अभ्यास जारी रखने का आह्वान किया। साथ ही खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


