पेंशनरों को एक करोड़ की दुर्घटना बीमा मिले
झारखंड पेंशनर कल्याण समाज ने एसबीआई से पेंशन लेने वालों के लिए एक करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा मांगा है। संगठन ने पेंशन खाते से सालाना छह हजार रुपये प्रीमियम काटकर जमा कराने का अनुरोध किया है। यह मांग संगठन की मासिक बैठक में उठाई गई थी, जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा की गई।

रांची, प्रमुख संवाददाता। झारखंड पेंशनर कल्याण समाज ने बैंक ऑफ इंडिया की तरह एसबीआई से पेंशन लेने वाले पेंशनधारियों के लिए एक करोड़ रुपये की दुर्घटना बीमा की सुविधा बहाल करने की मांग की है। एसबीआई के पेंशनधारियों को यह सुविधा पेंशन खाता पर देने का आग्रह बैंक प्रबंधन से किया गया है। संगठन की मंगलवार को समाहरणालय परिसर में कार्यालय में हुई मासिक बैठक में कई मसलों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता बचनेश्वर ठाकुर ने किया। बैठक में कहा गया कि राज्यकर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना में काम करने वाले कर्मचारियों द्वारा सालाना छह हजार रुपये की प्रीमियम राशि वेतन से काट ली जाती है।
उसी तरह पेंशनरों के खाते से सालाना छह हजार रुपये प्रीमियम की राशि पेंशन खाता से काटकर जमा कराया जाए। संगठन की ओर से 30 सितंबर तक हिन्दी माह का आयोजन करने का निर्णय लिया गया। रमाकांत राय ने आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन उमेश पांडेय ने किया। बैठक में विनोद कुमार, रतन कुमार वर्मा, अमर नाथ सर्राफ, बीएन ठाकुर, सुमित कुमार मिश्रा समेत अन्य शामिल हुए।


