एमएमडीआर संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो का धरना, उमड़ी भीड़
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने एमएमडीआर संशोधन विधेयक 2026 के खिलाफ बहरागोड़ा प्रखंड में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। पांच हजार से अधिक लोग शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से विधेयक वापस लेने की मांग की। विधायक समीर मोहंती समेत पार्टी नेताओं ने खनिज संसाधनों के स्थानीय अधिकारों की रक्षा की जरूरत पर जोर दिया।
बहरागोड़ा। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) यानी एमएमडीआर संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) बहरागोड़ा प्रखंड कमेटी की ओर से प्रखंड मुख्यालय में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। स्थानीय आयोजकों के अनुसार, धरना में पांच हजार से अधिक लोग पहुंचे।कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक होने के कारण प्रखंड मुख्यालय परिसर में जगह कम पड़ गई। कई कार्यकर्ता सड़क पर भी खड़े नजर आए। कार्यक्रम में बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एमएमडीआर संशोधन विधेयक वापस लेने की मांग की।
पार्टी नेताओं ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है। ऐसे में खनिज संसाधनों से जुड़े कानूनों में बदलाव करते समय राज्य के हितों और स्थानीय लोगों के अधिकारों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। धरना के अंत में मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा गया। कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।


