नई भर्ती के खिलाफ एमपीडब्ल्यू संघ का चरणबद्ध आंदोलन शुरू
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 68 एमपीडब्ल्यू और 550 क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के पदों की नई भर्ती का विरोध शुरू हो गया है। झारखंड एमपीडब्ल्यू संघ ने राज्यव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। अनुबंधकर्मियों के भविष्य को सुरक्षित कराने के लिए 13 से 25 जुलाई तक की विभिन्न विरोध गतिविधियों का कार्यक्रम जारी किया है।

सरायकेला,संवाददाता। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से एमपीडब्ल्यू के 68 पदों और क्षेत्रीय कार्यकर्ता के 550 पदों पर निकाली गई नई भर्ती का विरोध शुरू हो गया है। झारखंड एमपीडब्ल्यू संघ ने विज्ञापन को लेकर नाराजगी जताते हुए राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। इस सिलसिले में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक प्रमुख और राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी को मांग पत्र सौंपा है। संघ ने मांगों को लेकर 13 से 25 जुलाई तक के आंदोलन की पूरी सूची जारी कर दी है। 13 से 16 जुलाई तक राज्य के सभी एमपीडब्ल्यू बांह पर काला बिल्ला लगा कर काम करेंगे।
17 से 20 जुलाई कर्मी काम के दौरान मांगों से जुड़ी तख्ती और मांग पत्र धारण कर विरोध जताएंगे। 21 से 23 जुलाई तक सभी जिलों में कर्मी कार्य करते हुए तीन दिवसीय उपवास और भूख हड़ताल पर रहेंगे।24 से 25 जुलाई आंदोलन के अंतिम चरण में सभी जिला मुख्यालयों के सिविल सर्जन कार्यालयों के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर मांग पत्र सौंपेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से सेवा दे रहे अनुबंध कर्मियों के भविष्य को ताक पर रखकर नई नियुक्तियां निकालना उनके साथ अन्याय है। यदि सरकार ने समय रहते उनकी मांगों पर विचार नहीं किया तो आगे आंदोलन को और उग्र रूप दिया जा सकता है।


