चतरा में जिला झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा ने अपनी मांगों को लेकर निकाला मशाल जुलूस
चतरा, झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा ने झारखंड सरकार की वादा खिलाफी के खिलाफ 29 सितंबर को मशाल जुलूस और 30 सितंबर को झारखंड बंद का ऐलान किया है। जिला प्रवक्ता राजकिशोर कमल ने सभी दुकानदारों और परिवहन से जुड़े लोगों से बंद को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। आयोजन शांतिपूर्ण रखने की बात की गई है।

चतरा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। चतरा जिला झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय दिशा-निर्देश के तहत झारखंड सरकार की वादा खिलाफी के विरोध में आंदोलन का ऐलान किया गया है। आंदोलन के तहत मंगलवार 29 सितंबर को चतरा जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में शाम पांच बजे मशाल जुलूस निकाला गया। वहीं, बुधवार 30 सितंबर को झारखंड बंद का आह्वान किया गया है। इसका असर चतरा जिले में भी देखने को मिलेगा। मोर्चा के जिला प्रवक्ता राजकिशोर कमल उर्फ पिंकू ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों से किए गए वादों को पूरा करने की मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा है।
मशाल जुलूस के माध्यम से सरकार का ध्यान मांगों की ओर आकृष्ट कराया जा रहा है। जिला प्रवक्ता ने चतरा जिले के सभी दुकानदारों, प्रतिष्ठान संचालकों, बस मालिकों और ट्रांसपोर्टिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों से 30 सितंबर को चतरा बंद को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है। मोर्चा की ओर से कहा गया है कि बंद के दौरान सभी आवश्यक सेवाओं को मुक्त रखा जाएगा। संगठन ने आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से सफल बनाने की अपील की है।


