पुनर्वास स्थलों पर कब्जा हटाकर विस्थापितों को करें आवंटित : विधायक
चांडिल में स्वर्णरेखा परियोजना बैठक में विधायक सविता महतो ने कहा कि विस्थापितों को भू-खंड आवंटित किया जाए। उन्होंने अवैध कब्जा हटाने और लंबित मामलों के शीघ्र समाधान पर जोर दिया। विधायक ने युवाओं के लिए रोजगार की मांग भी की और पुनर्वास स्थलों में आधुनिक सुविधाओं के विकास की जरूरत बताई।

चांडिल, संवाददाता। स्वर्णरेखा परियोजना कार्यालय, आदित्यपुर में विधायक सविता महतो एवं प्रशासक सह जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन की मौजूदगी में स्वर्णरेखा बहुद्देशीय परियोजना के भू-अर्जन एवं पुनर्वास से संबंधित बैठक हुई। बैठक में भू-अर्जन, पुनर्वास एवं विस्थापितों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों की समीक्षा की गई। विधायक सविता महतो ने पुनर्वास स्थलों पर अवैध कब्जा को हटाकर विस्थापितों को भू-खंड आवंटित करने को कहा। वर्षों से लंबित पुनर्वास, मुआवजा, भू-अर्जन, रोजगार एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान करने को कही। विधायक ने कहा कि 116 विस्थापित गांवों में विकास पुस्तिका एवं पुनर्वास अनुदान के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए।
परियोजना से प्रभावित शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रिक्त पदों पर प्राथमिकता के आधार पर नियुक्ति मिले तथा इंडो डेनिश टूल रूम से प्रशिक्षित लगभग 400 युवाओं को स्थानीय उद्योगों में रोजगार उपलब्ध कराया जाए। सभी 22 पुनर्वास स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने, विधायक ने डैम का जलस्तर आरएल-180 मीटर से नीचे रखने, आंशिक रूप से प्रभावित गांवों में खेल मैदान विकसित करने तथा चांडिल डैम के आसपास पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मार्केट कॉम्प्लेक्स, रिसॉर्ट एवं ठहरने की सुविधाएं विकसित करने की मांग की।


