शिकायत मिलते ही अल्पसंख्यक आयोग ने किया निरीक्षण
रांची के धुर्वा में झारखंड अल्पसंख्यक आयोग की एक बैठक में बहुबाजार स्थित संत मिखाएल नेत्रहीन विद्यालय की खराब स्थिति पर चर्चा हुई। आयोग ने विद्यालय का निरीक्षण किया और पाया कि सभी भवन जर्जर हैं। आयोग ने संबंधित अधिकारियों से बात कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

रांची, वरीय संवाददाता। धुर्वा स्थित झारखंड अल्पसंख्यक आयोग कार्यालय में सामाजिक संगठनों के साथ आयोग की बैठक मंगलवार को हुई। अध्यक्षता आयोग के उपाध्यक्ष प्रणेश सोलोमोन ने की। इस दौरान शिकायत प्राप्त हुई कि राज्य का सबसे पुराना 128 वर्ष हो चुका बहुबाजार स्थित संत मिखाएल नेत्रहीन विद्यालय की स्थिति खराब है। वहां कल्याण विभाग द्वारा निर्मित बालिका छात्रावास खंडर हो गया है। इस पर आयोग त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालय का औचक निरीक्षण किया और वहां की प्राचार्या सरिता तालान से मिले। इसके बाद पूरे भवन का भ्रमण किया। निरीक्षण में पाया कि पूरा भवन जर्जर हो चुका है। छत से पानी टपक रहा है।
सीलिंग झड़ने लगा है। खिड़कियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। भारी बारिश के दौरान छात्रावास की दीवारों में करंट प्रवाह होता है। यहां मजबूर दृष्टि बाधित बच्चियां रह रही हैं। सारी स्थिति से अवगत होने पर आयोग ने रांची उपायुक्त, डीएसडब्ल्यू, डीईओ, डीएसई से बात की और संभव कार्रवाई का निर्देश दिए। वहीं, विद्यालय प्रशासन ने प्लस टू स्कूल, नौवीं से 10वीं वित्त सहित मान्यता देने, ब्रेल लिपि प्रेस स्थापित करने की मांग की। पूर्व में आयोग कार्यालय में हुई बैठक में सिविल सोसाइटी का गठन करने, अक्तूबर तक निबंधित करवाने, प्रारुप निर्माण, सेंट्रल कमेटी में 21 और जिला समिति में 11 सदस्यीय समिति का गठन करने का निर्णय लिया गया। साथ ही सोसाइटी के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं को ले जाने का लक्ष्य रखा गया। मौके पर कुलभूषण डुंगडुंग, अंशु लकड़ा, सुजीत कुजूर, कुमुदनी प्रभावित, राजकुमार नागवंशी, जस्मिन कच्छप्र डॉ अनमोल कुजूर, अमित एक्का, संजय लाल सहित कई मौजूद थे।


